बाल कलाकार से लेकर सुपरस्टार तक…ऐसा रहा ऋषि कपूर का फिल्मी सफर, जानिए दिग्गज अभिनेता के बारे में खास बातें

  • Follow Newsd Hindi On  
बाल कलाकार से लेकर सुपरस्टार तक...ऐसा रहा ऋषि कपूर का फिल्मी सफर, जानिए दिग्गज अभिनेता के बारे में खास बातें

बॉलीवुड के प्रख्यात अभिनेता ऋषि कपूर का 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) ने मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में अंतिम सांस ली। ऋषि कपूर दो साल से ल्यूकेमिया से लड़ रहे थे जिसके चलते उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। ऋषि कपूर के जाने के बाद उनके परिवार ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि आखिरी वक्त तक वो अस्पताल के स्टाफ का मनोरंजन करते रहे।

फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिष्ठित कपूर खानदान में 4 सितंबर, 1952 को जन्मे ऋषि कपूर अपनी उम्दा अदाकारी को लेकर अक्सर चर्चा में रहे हैं। ऋषि कपूर का नाम ऋषि राज कपूर था। ऋषि कपूर को अभिनय की कला विरासत में मिली थी। उनके पिता राज कपूर फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने अभिनेता और निर्माता-निर्देशक थे। उनके दादा पृथ्वीराज कपूर भी अपने जमाने के जाने-माने अभिनेता थे। आइये जानते हैं दिवंगत अभिनेता के बारे में कुछ प्रमुख बातें:


1. ऋषि कपूर ने सबसे पहले अपने पिता राज कपूर और नरगिस की फिल्म श्री 420 में एक बाल कलाकार के तौर पर काम किया। इस फिल्म का मशहूर गाना प्यार हुआ इकरार हुआ में जो दो बच्चे दिखाई दिए थे, उनमें से एक ऋषि कपूर ही थे। इसके बाद वो बाल कलाकार के तौर पर उन्होंने फिल्म मेरा नाम जोकर में भी काम किया।

2. साल 1973 में ऋषि कपूर ने फिल्म बॉबी से अपना डेब्यू किया, जो कि बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। कहा जाता है ऋषि कपूर को लॉन्च करने के लिए ही उनके पिता ने फिल्म बॉबी का निर्माण किया था।

3. ऋषि कपूर की कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़े। इनमें बॉबी, रफू चक्कर, सरगम, कर्ज, प्रेम रोग, नगीना, हनीमून, हीना, चांदनी और बोल राधा बोल और ये वादा रहा जैसी हिट फिल्में शामिल हैं।


4. ऋषि कपूर ने अपने फिल्मी करियर में 90 से ज्यादा रोमांटिक फिल्में की हैं। ऋषि कपूर ने बॉलीवुड के अलावा कई ब्रिटिश फिल्मों में भी काम किया है। जैसे- ‘डोन्ट स्टॉप ड्रीमिंग (2007)’ और ‘सांबर सालसा (2008)’।

5. 70 और 80 के दशक में अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर ने इंडस्ट्री पर राज किया। अमिताभ बच्चन जहां यंग्री यंग मैन की भूमिका में थे तो वहीं ऋषि कपूर की इमेज एक रोमांटिक हीरो की थी। अलग-अलग स्टाइल होते हुए भी दोनों ने साथ में कई फिल्में कीं जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

6. ऋषि कपूर और नीतू सिंह को बॉलीवुड का सबसे रोमांटिक कपल कहा जाता है। नीतू सिंह, ऋषि कपूर की 15 फिल्मों में को-स्टार रही हैं। फिल्म जहरीला इंसान के दौरान ऋषि कपूर और नीतू सिंह की मुलाकात हुई थी। साथ काम करने के दौरान दोनों दोस्त बने और फिर यह दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। उस समय नीतू सिंह केवल 14 की थीं। दोनों ने 22 जनवरी, 1980 में शादी कर ली।

7. ऋषि कपूर और नीतू सिंह के दो बच्चे हैं रणवीर कपूर और ऋद्धिमा कपूर। रणवीर कपूर बॉलीवुड के मशहूर कलाकारों में से हैं। वहीं ऋद्धिमा कपूर का अपना बिजनेस है।

8. ऋषि कपूर ने अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ भी कई फिल्मों में काम किया है। दोनों की जोड़ी ने इंडस्ट्री को कई हिट फिल्में दी हैं। बाद में माधुरी ने उनके बेटे रणवीर कपूर के साथ उनकी फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में आइटम नंबर किया था।

9. ऋषि कपूर को नाइजीरिया में भी लोग बेहद पसंद करते हैं। जिसकी वजह से उन्होंने ऋषि कपूर का निकनेम भी रखा है। नाइजीरिया के लोग ऋषि को प्यार से ‘मेस’ (Mace) बुलाते हैं। इसका मतलब होता है महिला।

10. ऋषि कपूर ने अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए नेशनल अवॉर्ड समेत 13 बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए हैं। फिल्म बॉबी के लिए ऋषि कपूर को बेस्ट एक्टर का फिल्म फेयर अवॉर्ड दिया गया था। सिनेमा में दिए गए योगदान के लिए ऋषि कपूर को रूसी सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।


बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर का निधन

ऋषि कपूर के निधन पर पीएम मोदी समेत कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों ने जताया दुख

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)