आईएसएल-5 : बेंगलुरू को हरा चेन्नइयन ने हासिल की दूसरी जीत

  • Follow Newsd Hindi On  

चेन्नई, 9 फरवरी (आईएएनएस)| मौजूदा विजेता चेन्नइयन एफसी ने शनिवार को अपने घर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मैच में बेंगलुरू एफसी को 2-1 से मात देते हुए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में अपनी दूसरी जीत हासिल की है। चेन्नइयन को हालांकि इस जीत से अंकतालिका में कोई फायदा नहीं हुआ है। इस जीत से मिले तीन अंकों से उसके अब 15 मैचों में आठ अंक हो गए हैं। बेंगलुरू के 15 मैचों में 31 अंक हैं और वह पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है। इस हार से उसकी स्थिति में कोई अंतर नहीं आया है।

मैच का पहला मौका हालांकि बेंगलुरू ने बनाया। दूसरे मिनट में ही सिसको फर्नांडेज ने चेन्नइयन के गोलकीपर करणजीत सिंह को छकाने की कोशिश की जो असफल साबित हुई। मेजबान टीम ने यहां से तुरंत वापसी की और गेंद को अधिकतर समय अपने पास ही रखा।


इस बीच उसे एक झटका भी लगा क्योंकि जोहिमंगलियाना राल्ते चोटिल होकर बाहर चले गए और अनिरूद्ध थापा को मैदान पर भेजा गया। 28वें मिनट में थापा ने गोल करने का प्रयास भी किया जिसमें गुरप्रीत सिंह संधू बाधा बन गए।

चार मिनट बाद हालांकि चेन्नइयन ने अपना खाता खोल लिया। यहां बेंगलुरू के डिफेंस की गलती रही। हरमनजोत खाबरा से गेंद किसी तरह गेंद राफेल अगस्तो के पास आई। उन्होंने सीके वीनीत को गेंद थमाई। यहां नीशू के पास गेंद अपने छीनने का मौका था, लेकिन वह सुस्त रहे और जेजे के पास गेंद आ गई। जेजे ने इस मौके को गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की और चेन्नइयन को 1-0 से आगे कर दिया।

बेंगलुरू इस गोल से उबर पाती इससे पहले 33वें मिनट में ग्रगोरी नेल्सन ने लालडिनलियाना रेंथेलेई की मदद से गोल कर चेन्नइयन को 2-0 से आगे कर दिया।


पहले हाफ की समाप्ति तक स्कोर मेजबान टीम के पक्ष में 2-0 था।

दूसरे हाफ में बेंगलुरू बदली हुई नजर आ रही थी और उसने चेन्नइयन को गेंद ज्यादा देर रखने नहीं दी थी। 54वें मिनट में लुइस लोपेज को बाहर बुला कर बेंगलुरू ने कीन लुइस को मैदान पर भेजा। लोपेज को 48वें मिनट में पीला कार्ड मिला था।

लग रहा था बेंगलुरू जल्दी गोल दाग देगी और कप्तान सुनील छेत्री ने 57वें मिनट में प्रशसंकों की यह कामना पूरी कर दी। छेत्री की मदद सिसको ने की। हरमनजोत ने सिसको को गेंद दी जिन्होंने छेत्री को पास दिया। छेत्री ने एक डिफेंडर को पछाड़ा और गेंद को नेट में डाल अपनी टीम का खाता खोला।

69वें मिनट में मीकू ने बेंगलुरू को बराबरी दिलाने की कोशिश की। पोस्ट के पास आकर मीकू करणजीत के छका नहीं पाए और यहां बेंगलुरू बराबरी नहीं कर सकी।

72वें मिनट में चेन्नइयन ने वीनीत को बाहर बुला थोई सिंह को अंदर भेजा। अगले ही मिनट एरिक पाटार्लू को रेफरी ने पीला कार्ड दिया। तीन मिनट बाद पार्टालू चोटिल हो गए और उन्हें एडमंड लालरिनडिका ने रिप्लेस किया।

बेंगलुरू अंत में दूसरे गोल के लिए सिर्फ देखती रह गई और चेन्नइयन ने किसी तरह अपनी बढ़त को बनाए रखते हुए सीजन की दूसरी जीत हासिल की।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)