आप-कांग्रेस के बीच सुलझा गठबंधन का पेंच! दिल्ली और हरियाणा में साथ लड़ेंगे चुनाव

  • Follow Newsd Hindi On  
आप-कांग्रेस के बीच सुलझा गठबंधन का पेंच! दिल्ली और हरियाणा में साथ लड़ेंगे चुनाव

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में गठबंधन तय हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, लंबी बातचीत के बाद बुधवार को दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे का पेंच सुलझ गया है। सूत्रों की मानें तो दिल्ली में ‘आप’ 4 सीटों पर और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा हरियाणा में कांग्रेस 7, जेजेपी 2 और आप 1 सीट पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही, ‘आप’ चंडीगढ़ में कांग्रेस के प्रत्याशी का समर्थन करेगी।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 10 लोकसभा सीटों वाले हरियाणा में जेजेपी (जननायक जनता पार्टी) के हिस्से हिसार और कुरुक्षेत्र सीट गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी गुड़गांव लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी। शेष 7 सीट कांग्रेस की झोली में गये हैं। दोनों पार्टी के नेता जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।


गौरतलब है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर चर्चा का बाजार काफी दिनों से गर्म रहा है। दोनों पार्टियों के बीच कई बार बात बनते-बनते रह गयी। हाल ही में कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने आप के साथ गठबंधन पर बड़ा बयान दिया था। गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों के बीच कभी हां, कभी ना, के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने AAP के सामने खुली पेशकश कर डाली।

राहुल गांधी ने दिल्‍ली की 7 लोकसभा सीटों में से 4 सीटें आप को देने का खुला ऑफर दे डाला। राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल पर यू-टर्न लेने का भी आरोप लगाया था। इसके बाद राहुल गांधी के आरोप के बाद अरविंद केजरीवाल ने पलटवार करते हुए कहा, ‘कौन सा U-टर्न? अभी तो बातचीत चल रही थी। आपका ट्वीट दिखाता है कि गठबंधन आपकी इच्छा नहीं मात्र दिखावा है। मुझे दुःख है आप बयानबाज़ी कर रहे हैं। आज देश को मोदी-शाह के ख़तरे से बचाना अहम है। दुर्भाग्य कि आप UP और अन्य राज्यों में भी मोदी विरोधी वोट बाँट कर मोदी जी की मदद कर रहे हैं।’

इसके बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर बताया था कि संजय सिंह ‘आप’ की तरफ से गठबंधन को लेकर बात करेंगे। जिसके बाद दोनों दलों के बीच नए सिरे से बातचीत हुई।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)