Jharkhand: झारखंड में 2 लाख तक का कृषि कर्ज होगा माफ, जानें कब मिलेगा सरकार की इस योजना का लाभ

  • Follow Newsd Hindi On  

Jharkhand: झारखंड सरकार में वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने राज्य के किसानों को बड़ी खबर दी है। डॉ. रामेश्वर उरांव ऐलान किया कि राज्य के किसानों का दो लाख तक का कृषि कर्ज माफ किया जाएगा। फिलहा सरकार इस योजना को अंतिम रूप देने में लगी है। किसानों के आंकड़े तैयार होते ही कर्ज माफी की घोषणा कर दी जाएगी।

वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव (Rameshwar Oraon) ने कहा कि इसके लिए हमारे पास पैसे का जुगाड़ हो गया है। वित्त मंत्री पेटरवार स्थित चांदो पंचायत में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पार्टी के 10 पंचायतों के बूथ स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।


इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कि पूर्व मंत्री सह दिवंगत बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन के बाद दोबारा बेरमो विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का ही विधायक जीतेगा। डॉ. उरांव ने अन्य कई महत्वपूर्ण बातें कही। इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र भी दिया।

डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि बेरमो तो जीतेंगे ही, दुमका सीट भी दोबारा आएगी और रहा सवाल बेरमो से प्रत्याशी का तो इस पर पार्टी अभी विचार कर रही है। लेकिन इतना तय  है कि इस बार यहां से जो भी दावेदार होगा, वह दमदार होगा और जीत भी दमदार ही होगी।

25 फीसदी से विधायक फंड के काम शुरू 


वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि बीजेपी की वजह से राज्य का खजाना खाली हो गया था। लेकिन अब स्थिति में सुधार हो रहा है। राज्य में विधायक फंड में रोक थी। फंड का 25 फीसदी यानी सवा करोड़ से विकास कार्य शुरू हो रहे हैं। दिसंबर तक इसे 75 फीसदी तक ले जाना है तथा इसके बाद पूरे 100 फीसदी किया जाएगा।

रामेश्वर उरांव ने कहा कि आज जो बेरोजगारी बढ़ी है, इसके लिए केन्द्र सरकार जिम्मेवार है। अचनाक से लॉकडाउन से न जाने किन मुसीबतों का सामना करते हुए प्रवासी मजदूर घर लौटें। हमारी सरकार भोजन से लेकर मनरेगा से कार्य उपलब्ध कराकर बेरोजगारों को सहार देने का काम कर रही है।

मुफ्त में दी जाएगी 100 यूनिट बिजली 

वित्त मंत्री ने कहा कि सभी को 100 यूनिट तक बिजली नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार जो भी कह रही है, उसे हर हाल में पूरा करेगी। उरांव ने कहा कि सरकार राज्य की जनता के प्रति बेहद सजग है। 15 लाख परिवारों के बीच अनाज बांटने की योजना बना ली गई है। अनाज से कोई भी परिवार वंचित नहीं रहेगा, सरकार सभी को देख रही है।

केंद्र से मांगा जीएसटी का हिसाब

रामेश्वर उरांव ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश केन्द्र सरकार से मिली राशि को लेकर श्वेत पत्र की मांग कर रहे हैं, उनको वित्त विभाग में ही बिठा देते हैं। लेकिन पहले हमारा तो हिसाब क्लीयर किया जाए। जीएसटी भरपाई का 2500 करोड़ रुपए केन्द्र सरकार झारखंड को लौटाए।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)