अखिलेश ने आतंकियों पर लगे आरोप हटाने का काम किया : योगी

  • Follow Newsd Hindi On  

 सिद्घार्थनगर, 10 मई (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी(सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि यादव ने आंतकवादियों पर लगे आरोप खत्म किए थे।

 मुख्यमंत्री योगी ने आज यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “सपा की सरकार ने आतंकियों पर हमेशा नरमी बरतने का काम किया। इसीलिए अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री बने तो सबसे पहले उन्होंने आतंकवादियों पर लगे आरोपों को खत्म करने का काम किया है।”


उन्होंने कहा, “एक तरफ भारतीय जनता पार्टी है दूसरी तरफ नकारात्मक राजनीति करने वाले लोग हैं। इनका बस एक ही एजेंडा है प्रदेश को लूटना।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 55 वषों तक देश में शासन किया, लेकिन कांग्रेस ने जो काम 55 वर्षो में नहीं किया, वह पीएम मोदी ने पांच वर्षो में कर के दिखा दिया।

उन्होंने कहा, “आज हर किसी को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिल रहा है, क्योंकि भाजपा सरकार है। कोई सोचता नहीं था कि गोरखपुर में एम्स बनेगा, लेकिन आज गोरखपुर में एम्स बन कर तैयार हो गया है। अब लोगों को इलाज के लिए दिल्ली और मुंबई जाने की जरूरत नहीं होगी।”


योगी ने कहा, “हमने बिजली विसंगति को दूर किया। उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता को बिजली देने का प्रबंधन किया। गरीबों के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने जो कार्य किया, वह आज चुनाव में विपक्ष के लोग झुठला नहीं पा रहे।”

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)