अमेरिका : ओहियो में गोलीबारी, 9 की मौत, 16 घायल

  • Follow Newsd Hindi On  

 वाशिंगटन, 4 अगस्त (आईएएनएस)| अमेरिका के ओहियो राज्य में एक बार के निकट रविवार को हुई भारी गोलीबारी में शूटर सहित नौ लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य लोग घायल हो गए।

  इससे कुछ घंटे पहले टेक्सास में हुई गोलीबारी में 20 लोगों की मौत हुई थी। बीबीसी के अनुसार, घटना की पहली रिपोर्ट स्थानीय समयानुसार एक बजे आई। यह गोलीबारी डेटन सिटी के ओरेगॉव इलाके में नेड पैपर्स बार के बाहर हुई।


बीबीसी ने डेटन पुलिस डिपार्टमेंट के एक ट्वीट के हवाले से कहा, “जब यह गोलीबारी शुरू हुई तो हमारे अधिकारी आसपास थे और उन्होंने कार्रवाई करते हुए इसे जल्द ही समाप्त कर दिया।”

नेड पेपर्स के इंस्टाग्राम पेज पर एक नोट में कहा गया कि घटना के बाद स्टाफ कर्मचारी सुरक्षित हैं।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फुटेज में लोग भागते दिखाई दे रहे हैं और सड़कों पर गोलीबारी की आवाज सुनाई दे रही है। इसमें यह भी दिख रहा है कि कई शव जमीन पर है और सफेद चादर से ढके हैं।


एक प्रत्यक्षदर्शी ने बीबीसी से कहा कि वह पास के एक रैप कार्यक्रम में था, जब उनसे जगह को खाली करने को कहा गया।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “मैं बहुत हैरान था। हम सब को जल्दी व सुरक्षित निकाला गया। मैंने अपनी गाड़ी ली, मैं आसपास पुलिस और एंबुलेंस को देख पा रहा था।”

रविवार की रात की घटना एल पासो शहर में शनिवार को सिएलो विस्टा मॉल के करीब वालमार्ट स्टोर में हुई भारी गोलीबारी के घटना के कुछ घंटों के बाद हुई है। शनिवार की घटना में 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)