पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर राष्ट्रपति, PM मोदी सहित अन्य नेताओं ने ट्वीट कर जताया दुख, दी श्रद्धांजलि

  • Follow Newsd Hindi On  

पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के बड़े नेता अरुण जेटली का शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे निधन हो गया। अरुण जेटली बीते कई दिनों से नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें एम्स में लाइफ सपोर्ट पर कई दिनों तक रखा गया था। कुछ दिन पहले ही अरुण जेटली की तबीयत जानने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली के  मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आदि ने एम्स में पहुंच कर उनका हाल जाना था। बता दें कि अरुण जेटली 9 अगस्त से एम्स में भर्ती थे।

अरुण जेटली के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, PM मोदी सहित राजनीति, खेल, सिनेमा सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों ने ट्वीट कर उनके निधन पर दुख जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।


राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा, ‘श्री अरुण जेटली के देहावसान से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने दृढ़ता और गरिमा से अपनी बीमारी का सामना किया। एक प्रखर वकील, अनुभवी सांसद और उत्कृष्ट मंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया।’

पीएम ने ट्वीट कर कहा, अरुण जेटली जी एक राजनीतिक दिग्गज थे, जो बौद्धिक और कानूनी रूप से जीवंत थे। वह एक मुखर नेता थे जिन्होंने भारत में स्थायी योगदान दिया। उनका निधन बहुत दुखद है। अपनी पत्नी संगीता जी के साथ-साथ बेटे रोहन से भी बात की और संवेदना व्यक्त की। शांति।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, ‘अरुण जेटली जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूँ, जेटली जी का जाना मेरे लिये एक व्यक्तिगत क्षति है।उनके रूप में मैंने न सिर्फ संगठन का एक वरिष्ठ नेता खोया है बल्कि परिवार का एक ऐसा अभिन्न सदस्य भी खोया है जिनका साथ और मार्गदर्शन मुझे वर्षो तक प्राप्त होता रहा।’

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अरुण जेटली के असामयिक निधन पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की है। उनकी मृत्यु पर शोक जताते हुए उन्होंने कहा कि जेटली ने एक सार्वजनिक व्यक्ति, सांसद और मंत्री के रूप में एक लंबी पारी खेली और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

वहीं वित्त मंत्री निर्मला सितारमण ने ट्वीट कर लिखा, ‘हम में से कई लोगों के लिए एक मार्गदर्शक, नैतिक समर्थन और हिम्मत, उससे बहुत कुछ सीखा है। एक उम्दा बड़े दिल वाला इंसान। हमेशा किसी की भी मदद करने के लिए तैयार। उसकी बुद्धिमत्ता, शिथिलता, कसैलेपन का कोई मेल नहीं है।’

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)