अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की चेतावनी

  • Follow Newsd Hindi On  

गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)| अरुणाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन विभाग ने मंगलवार को राज्य में बाढ़ की चेतावनी जारी की। चीन की यरलुंग जांगबो नदी के आस-पास हुए भूस्खलन की जानकारी के बाद यह चेतावनी जारी की गई है। यह नदी भारत में बहती है।

भारत के अरुणाचल प्रदेश में इस नदी को सियांग और असम में इसे ब्रह्मपुत्र के नाम से जाना जाता है।


आपदा प्रबंधन विभाग ने सियांग नदी के आस-पास रहने वाले लोगों से बाढ़ की स्थिति के लिए तैयार रहने की बात कही है, क्योंकि चीन की यारलुंग जांगबो नदी के पास भूस्खलन के कारण पानी का स्तर प्रभावित हो सकता है।

इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों को सियांग नदी में मछली पकड़ने और तैराकी पर जाने से साफ इनकार किया है। इसके साथ ही लोगों को सख्त रूप से सतर्क रहने के लिए भी कहा गया है।

इन नदियों के पानी के स्तर पर नजर बनाए रखने वाले केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने पहले से ही इस बात की पुष्टि कर दी है कि सोमवार की सुबह करीब 11 बजे सियांग नदी के पानी का स्तर बढ़ गया।


भूस्खलन की स्थिति में पानी का स्तर कम हो जाता है और इसकी धार रुक जाती है, जिस कारण रास्ते के साफ होने के बाद रुके हुए पानी के अचानक बाहर निकलने का अंदेशा रहता है।

केंद्रीय जल आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “आयोग का अपर ब्रह्मपुत्र डिवीजन को चीनी अधिकारियों से सोमवार को यरलुंग जांगबो नदी में हुए भूस्खलन के संबंध में एक पत्र मिला था। ऐसे में भूस्खलन के कारण पानी का स्तर बढ़ सकता है।”

आयोग ने हालांकि, यह कहा है कि इस बारे में अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है।

तिब्बत के ग्लेशियरों से निकलने वाली यरलुंग जांगबो नदी चीन से होते हुए भारत का रुख करती है और बांग्लादेश में बंगाल की खाड़ी में जाकर मिल जाती है।

इस माह की शुरुआत में नदी में भूस्खलन की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिस कारण नदी का प्रवाह रुक गया था। ऐसे में अटकलें लगाई गई थीं कि अरुणाचल प्रदेश और असम में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

इसके बाद, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया दल (एनडीआरएफ) की आठ टुकड़ियां असम और छह टुकड़ियां अरुणाचल प्रदेश भेजी थीं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)