औरंगाबाद हादसे के शिकार लोगों के शव उनके गांव ले जाए जाएंगे (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 8 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुए हादसे में मारे गए मजदूर मध्यप्रदेश के निवासी थे। इन मजदूरों के शवों को विशेष ट्रेन से लाया जा रहा है। वहीं मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने के साथ घायलों के उपचार की व्यवस्था करेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने औरंगाबाद में हुए हृदय विदारक ट्रेन हादसे में मृत 16 श्रमिकों के शव मध्यप्रदेश लाने के संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और रेलमंत्री से बात कर ट्रेन की व्यवस्था करवाई है। मृत श्रमिकों के शव ट्रेन से जबलपुर लाए जा रहे हैं। जबलपुर से इनके शव उनके गृह स्थान भेजे जाएंगे। ट्रेन औरंगाबाद (महाराष्ट्र) से यह ट्रेन चलेगी।


मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य सरकार की ओर से एक दल मंत्री नीना सिंह के नेतृत्व में औरंगाबाद भेजा है। चौहान ने इस दल से टेलीफोन पर चर्चा कर ट्रेन दुर्घटना में घायल हुए श्रमिकों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए एक-एक लाख रुपये देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री चौहान दुर्घटना में दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश पहले ही दे चुके हैं। उन्होंने कहा, “इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला नहीं समझे, मैं और मेरी पूरी सरकार आपके साथ खड़ी है।”

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, इस हादसे का शिकार हुए लोगों की धन सिंह गोंड, निरवेश सिंह गोंड, बुद्धराज सिंह गोंड, रबेंद्र सिंह गोंड, सुरेश सिंह कोल, राज बोहरम, पारस सिंह, धर्मेद्र सिंह गोंड, दयाल सिंह, अच्छे लाल सिंह, बिगेंद्र सिंह, चैन सिंह, प्रदीप सिंह गोंड, संतोष नापित, बृजेश, भइयादीन, मुनीम सिंह, शिवरतन सिंह, नेमशाह सिंह, दीपक सिंह और अशोक सिंह गोंड के तौर पर पहचान हुई है।


इस हादसे में सज्जन सिंह, माखन सिंह धुर्वे, इंद्रलाल, कमल सिंह धुर्वे, वीरेंद्र सिंह, चेन सिंह गौर और शिवमान सिंह और हिरालाल गौर सुरक्षित हैं।

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)