अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन पर बोलीं प्रियंका गांधी- राम सबमें हैं, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का अवसर बने

  • Follow Newsd Hindi On  
अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन पर बोलीं प्रियंका गांधी- राम सबमें हैं, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का अवसर बने

अयोध्या में कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम जन्मभूमि पर भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं इसे लेकर कांगेस ने प्रतिक्रिया दी है। भूमि पूजन (Ram Mandir Bhoomi Pujan) कार्यक्रम से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने कहा है कि ‘राम सबमें हैं और राम सबके साथ हैं।’ इसके साथ ही प्रियंका गांधी का कहना है कि भूमि पूजन राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बनना चाहिए।

प्रियंका गांधी ने सोमवार को ट्विटर पर एक बयान जारी करते हुए लिखा, ‘सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनवद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है। राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं। भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने। जय सियाराम।’


उन्होंने लिखा, ‘राम शबरी के हैं, सुग्रीव के भी हैं। कबीर के हैं, तुलसीदास के हैं, रैदास के भी हैं। गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सन्मति देने वाले हैं। वारिस अली शाह कहते हैं- जो रब है, वही राम है।’ प्रियंका गांधी ने भगवान राम के लिए मैथिलीशरण गुप्त और महाप्राण निराला की पंक्तियों का भी जिक्र किया।

राजनीति का धर्म होना चाहिए, धर्म की राजनीति नहीं: रणदीप सुरजेवाला

गौरतलब है कि राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर कांग्रेस में मतभेद नजर आ रहा है। एक तरफ जहां मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने समर्थन करते हुए ट्विटर पर भगवा कपड़ों में तस्वीर लगाई है। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने 5 अगस्त को अशुभ मुहूर्त करार देते हुए भूमि पूजन को टालने की मांग की।

इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला का कहना है कि राजनीति का धर्म होना चाहिए, धर्म की राजनीति नहीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘मैं राम मंदिर के कार्यक्रम से 24 घंटे पहले कोई भी राजनीतिक टिप्पणी करने से परहेज करूंगा। लेकिन मैं इतना कहूंगा कि राजनीति का धर्म होना चाहिए, धर्म की राजनीति नहीं, यही राम की मर्यादा है।’

बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त को अयोध्या पहुंचेंगे। यहां वह सबसे पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे। इसके बाद रामजन्मभूमि परिसर पहुंचकर भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मोदी मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास भी करेंगे। भव्य समारोह के लिए अयोध्या में सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।


अयोध्या: राम जन्मभूमि के पुजारी प्रदीप दास कोरोना पॉजिटिव, 16 पुलिसकर्मी भी संक्रमण की चपेट में

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)