बैडमिंटन :चीन ओपन में रेंकीरेड्डी और शेट्टी की चुनौती खत्म

  • Follow Newsd Hindi On  

चांगझोउ (चीन), 19 सितम्बर (आईएएनएस)| भारत के अग्रणी पुरुष युगल जोड़ीदार सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी गुरुवार को यहां जारी चीन ओपन-2019 से बाहर हो गई है। रेंकीरेड्डी और शेट्टी की गैरवरीय जोड़ी को जापान के चौथी सीड ताकेशी कामुरा और केइगो सोनोदा ने प्री-क्वार्टर फाइनल में हराया। भारतीय जोड़ी को 19-21, 8-21 से हार मिली।

भारतीय जोड़ी सिर्फ 33 मिनट इस चुनौती में खड़ी रह सकी। इन दोनों जोड़ीदारों के बीच यह अब तक का चौथा मुकाबला था। भारतीय जोड़ी को अब तक सभी मुकाबलों में हार मिली है।


इससे पहले भारतीय जोड़ी को इस साल के जापान ओपन, 2018 के जापान ओपन और 2017 के कोरिया ओपन में जापानी जोड़ीदारों ने हराया था।

चीन ओपन में गुरुवार को रेंकीरेड्डी अपनी महिला जोड़ीदार अश्विनी पोनप्पा के साथ भी चुनौती पेश करेंगे। इसके अलावा मौजूदा विश्व चैम्पियन भारत की पीवी सिंधु भी थाईलैंड की पोर्नपावेई चोचुवोंग के खिलाफ चुनौती पेश करेंगी।

पुरुष एकल में पारूपल्ली कश्यप और विश्व चैम्पियनिशप में सेमीफाइनल तक का सफर तय कर चुके साई प्रणीत भी गुरुवार को ही चुनौती पेश करेंगे।


महिला युगल में पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी भी आज ही अपना प्रीक्वार्टर फाइनल मैच खेलेंगी।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)