बच्चों के खिलाफ अपराधों में इजाफा : स्मृति ईरानी

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 6 फरवरी (आईएएनएस)| बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में वृद्वि हुई है। यह खुलासा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने किया। स्मृति ईरानी ने गुरुवार को संसद के समक्ष एक जानकारी रखते हुए बताया कि वर्ष 2016 और 2017 के मुकाबले वर्ष 2018 में बच्चों के प्रति होने वाले अपराध बढ़ गए हैं।

राज्यसभा में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरान ने अपना लिखित जवाब दिया। स्मृति ईरान ने अपने जवाब में कहा, “वर्ष 2016 में बच्चों के खिलाफ हुए अपराधों के तहत 1,06,958 केस दर्ज हुए थे। साल 2017 में बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों की संख्या बढ़कर 1,29,032 हो गई। वहीं वर्ष 2018 में हासिल हुए आंकड़ों के मुताबिक इस साल बच्चों के खिलाफ हुए अपराधों के तहत 1,41,764 मामले दर्ज किए गए।”


संसद में प्रस्तुत की गई यह जानकारी नेशनल क्राईम रिकॉर्ड ब्यूरो के डेटा के आधार पर दी गई है। इस दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरान ने जोर देते हुए कहा कि सकरार ने पोक्सो एक्ट में सुधार करके इसे पहले से अधिक प्रभावशाली बनाया है। स्मृति ईरानी का कहना था कि यौन उत्पीड़न से बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से पोक्सो एक्ट में सुधार किए गए हैं।

गौरतलब है कि भारत सरकार ने हाल ही में पोक्सो एक्ट में सुधार किया है। नया पोक्सो एक्ट 16 अगस्त 2019 से अस्तित्व में आया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरान ने संसद को बताया कि पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय व सिक्किम जैसे राज्यों ने अभी वर्ष 2018 के दौरान अपने अपने राज्यों में बच्चों के प्रति हुए अपराधों का ब्योरा नहीं दिया है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)