भाजपा को न तो राजधर्म निभाने आता है, न गठबंधन धर्म : भाकपा (माले)

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्‍सवादी लेनिनवादी) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने यहां शनिवार को दावा करते हुए कहा कि पहले चरण के चुनाव में महागठबंधन ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को न तो राजधर्म निभाने आता है, न गठबंधन धर्म ही।

पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि राजग के चुनाव प्रचार व गिरते भाषाई स्तर से लोग दुखी हैं।


उन्होंने दावा करते हुए कहा, राजग के नेताओं को अपने काम पर वोट मांगना चाहिए था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिस तरह की भाषा में बात कर रहे हैं, उसे लोग पसंद नहीं कर रहे हैं।

भट्टाचार्य ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, राजग टूट रहा है। इस बार बिहार में भाजपा ने सोचा था कि नीतीश कुमार के सर पर ठीकरा फोड़कर और लोजपा को आगे करके अपनी दाल गला लेंगे, लेकिन अकेले-अकेले ये दोनों दल बिहार में कुछ भी नहीं हैं।

भाकपा (माले) के महासचिव ने कहा, भाजपा न तो गठबंधन धर्म निभा सकती है, न हिंदू धर्म और न ही राजधर्म। बिहार की दुर्गति के लिए भाजपा व जदयू बराबर के जिम्मेवार हैं।


उन्होंने कृषि कानून को किसान विरोधी कानून बताया और कहा कि इन कानूनों के खिलाफ चुनाव के बाद 26-27 नवंबर को किसानों का दिल्ली मार्च होगा।

–आईएएनएस

एमएनपी/एसजीके

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)