भाजपा ने 48 लोकसभा उम्मीदवारों की 5वीं सूची जारी की

  • Follow Newsd Hindi On  
भाजपा ने 48 लोकसभा उम्मीदवारों की 5वीं सूची जारी की

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं सूची जारी की जिसमें गोवा, गुजरात, मध्यप्रदेश, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक जैसे छह प्रदेशों के 48 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इस सूची में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, जयंत सिन्हा, श्रीपद येशो नाइक और पूर्व मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के नाम शामिल हैं।

तोमर मध्यप्रदेश के मोरेना लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे जबकि सिन्हा को उनकी वर्तमान सीट झारखंड के हजारीबाग से उम्मीदवार बनाया गया है। श्रीपद नाइक उत्तरी गोवा से और कुलस्ते मध्यप्रदेश के मंडला (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) से चुनाव लड़ेंगे।


पांचवीं सूची में कुछ अन्य प्रमुख नामों में अनुराग ठाकुर और निशिकांत दुबे शामिल हैं। ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से चुनाव मैदान में होंगे तो दुबे झारखंड के गोड्डा से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा प्रमुख अमित शाह की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में शुक्रवार को उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और नितिन गडकरी व अन्य मौजूद थे।

पार्टी ने विधानसभा उपचुनाव के लिए गुजरात और गोवा की तीन-तीन सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की। उपचुनाव लोकसभा चुनाव के साथ ही तीसरे चरण के दौरान 23 अप्रैल को करवाए जाएंगे।


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)