भाजपा नेता कार्यकर्ताओं संग करेंगे चाय पर चर्चा

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)| दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीज जनता पार्टी (भाजपा) रविवार रात 10 बजे अपने कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन करेगी। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता रविवार को विधानसभा इलाकों में ही उस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद करेंगे। यह योजना गृहमंत्री और पार्टी पूर्व अध्यक्ष अमित शाह के सुझाव के बाद तैयार की गई है। भाजपा का मानना है कि विधानसभा की जीत तभी संभव है, जब बूथ पर तैनात कार्यकर्ता अपना बूथ जीतेगा।

गौरतलब है कि भाजपा इसी योजना पर काम करती रही है। वर्ष 2015 में हुए चुनाव में पार्टी को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से महज तीन पर जीत मिली थी। दिल्ली में वर्ष 2015 के बाद हुए लगभग सभी चुनाव में पार्टी जीतती आई है। एमसीडी के चुनाव से लेकर लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए नाक का सवाल है। ऐसे में भाजपा कोई भी मौका हाथ से जाने नहीं देना चाहती।


चुनाव अभियान में जुटे केंद्रीय मंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता सहित पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह से लेकर वर्तमान भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा प्रत्याशी के विधानसभा कार्यालय में जाएंगे। वहां वे उस विधानसभा क्षेत्र के बूथ कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा करेंगे और बूथ जीतने का मंत्र देंगे। इस काम में संगठन मंत्री बी.एल. संतोष, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली भाजपा के संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी लगे हुए हैं।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)