भाजपा नेता वसुंधरा राजे सिंधिया और दुष्यंत सिंह ने खुद को किया क्वारंटाइन, कनिका कपूर की पार्टी में गए थे

  • Follow Newsd Hindi On  
भाजपा नेता वसुंधरा राजे सिंधिया और दुष्यंत सिंह ने खुद को किया क्वारंटाइन, कनिका कपूर की पार्टी में गए थे

नई दिल्ली। बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर का कोविड-19 परीक्षण पॉजिटिव निकला है। जैसे ही यह खबर सामने आई, भाजपा नेता और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और उनके सांसद बेटे दुष्यंत सिंह ने अपने आपको अलग-थलग कर लिया है। दोनों ने कोरोनावायरस से पीड़ित गायिका कनिका कपूर के साथ एक पार्टी में शिरकत की थी। यह पार्टी लखनऊ में आयोजित की गई थी।

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, “लखनऊ में रहते हुए, मैंने अपने बेटे दुष्यंत और उसके ससुरालवालों के साथ रात्रिभोज में भाग लिया था। कनिका, जिसका दुर्भाग्य से कोविड-19 परीक्षण सकारात्मक आया, वहां एक मेहमान थी।” उन्होंने कहा, “मेरे बेटे और मैंने तुरंत खुद को अलग कर लिया है और हम सभी आवश्यक सावधानी बरत रहे हैं।”


पता चला है कि दोनों का टेस्ट नेगेटिव आया है। बावजूद इसके दोनों ने अपने आपको समाज से अलग करने का फैसला किया है।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि वसुंधरा और उनके बेटे के संपर्क में कौन-कौन आए और क्या ये लोग राजस्थान आए हैं।

इस बीच, सूत्रों ने कहा कि 15 मार्च को इस पार्टी में शामिल होने के बाद दुष्यंत सिंह ने संसद सत्र के दौरान लोकसभा में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी, इसलिए अब अधिक लोगों जांच के दायरे में आ सकते हैं।

गौरतलब है कि गायिका कनिका कपूर के कोरोना पीड़ित होने की खबर सामने आई है। बताया गया है कि कनिका 15 मार्च को लंदन से वापस आई थी। वापस आने के बाद कनिका ने रविवार को बड़ी पार्टी का आयोजन किया था, जिसमें कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। इसको देखते हुए आशंका बढ़ गई है कि कहीं इसके संक्रमण में कई और लोग न आ गए हों।


कोरोना पॉजिटिव पाई गईं बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर, एयरपोर्ट से छुपकर भागी थीं

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)