भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने बंगाल के हिंसाग्रस्त भाटपारा का दौरा किया (लीड-2)

  • Follow Newsd Hindi On  

कोलकाता, 22 जून (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हिंसा प्रभावित भाटपारा का दौरा किया और हत्याओं की जांच की मांग की। भाटपारा में गुरुवार को हुई झड़पों में दो लोगों की मौत हो गई थी और कम से कम चार लोग घायल हो गए थे।

प्रतिनिधिमंडल में सांसद एस.एस. अहलूवालिया, विष्णु दयाल राम और सत्यपाल सिंह शामिल हैं। वे शनिवार सुबह दिल्ली से भाटपारा पहुंचे।


प्रतिनिधिमंडल ने गांव में गुरुवार को हुई झड़प में मारे गए दोनों मृतकों रामबाबू शॉ और धर्मवीर शॉ के घर का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल अपने दौरे की रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को देगा।

अहलूवालिया ने कहा, “जब दो समूहों के बीच झड़प हुई, तो पुलिस ने एक समूह पर आरोप लगाया और दूसरे पर गोली चलाई। हम यह जानना चाहते हैं कि किसने यह निर्णय लिया था? इस साजिश के पीछे किसका हाथ है? यहां इसकी गहन जांच होनी चाहिए। हम (केंद्रीय गृहमंत्री) अमित शाह को रिपोर्ट सौंपेंगे और उन्हें यहां की जमीनी स्थिति से अवगत कराएंगे।”

उन्होंने प्रश्न किया, “पुलिस ने निर्दोष, आम लोगों पर गोलियां चलाईं। उन्होंने यहां सभी को शूट किया है। पुलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की और कहा कि उन्होंने हवा में गोलीबारी की। अगर यह सत्य है तो लोगों को गोलियां कैसे लगीं। क्या लोग हवा में उड़ रहे थे?”


गुरुवार की घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा बरामद गोलियों के अवशेष को दिखाते हुए अहलूवालिया ने दावा किया कि यह ‘इंसास बुलेट’ हैं, जो अक्सर पुलिसकर्मियों द्वारा उपयोग में लाई जाती हैं।

उन्होंने कहा, “ये इंसास के कारतूस के कुछ भाग हैं, जो उस दिन पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए गए थे। दो मृतकों सहित सात लोगों को गोली लगी। ये सभी आम लोग हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया, “वे लोग किसी मामले में शामिल नहीं थे। 17 वर्षीय युवा रामबाबू खाना लेने के लिए दुकान में जा रहा था कि तभी पुलिस ने उसे नजदीक से गोली मार दी। धर्मवीर को भी पुलिस ने गोली मार दी, जिसके कारण उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दूसरे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

आसनसोल-दुगार्पुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद ने राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर 2019 के चुनावी नतीजों के बाद से लगातार हिंसा में लिप्त होने का आरोप लगाया।

सांसद ने कहा कि पार्टी अपने नेताओं से आम लोगों की ‘हत्या’ कराने के बजाय भाजपा के साथ ‘लोकतांत्रिक लड़ाई’ लड़े।

उन्होंने कहा, “मैं तृणमूल कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि यह हिंसा कब तक जारी रहेगी? जब चुनाव के दौरान हिंसा हुई और लोग मारे गए तो हमने उसे बर्दाश्त किया। अब चुनाव परिणाम सामने आया है।”

उन्होंने आगे कहा, “यदि आपको (तृणमूल) मोदीजी या केंद्र सरकार के खिलाफ कोई शिकायत या असंतोष है, तो आपको संसद में उस पर बहस करनी चाहिए। लोकतांत्रिक चर्चा के लिए वह सबसे बड़ा स्थान है। लेकिन आप इन गरीबों को क्यों मार रहे हैं? यह दुर्भाग्यपूर्ण है।”

भाजपा के प्रतिनिधिमंडल के क्षेत्र से जाने के तुरंत बाद ताजा तनाव की सूचना मिली।

स्थानीय लोगों के एक समूह ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया और ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों पर पथराव किया।

पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए दो मौकों पर लाठी चार्ज किया, जिसमें एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी।

बैरकपुर के पुलिस आयुक्त मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और हालात शांतिपूर्ण है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस ने इलाके में किसी भी गैरकानूनी जुटाव को अनुमति नहीं दी है, क्योंकि वहां पर धारा 144 लागू है।

वर्मा ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ क्षेत्र में एक रूट मार्च किया और कहा, “क्षेत्र में धारा 144 लागू होने के चलते स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने गैर-कानूनी रूप से जमा होने वालों को खदेड़ दिया। इस दौरान शायद कुछ लोग जमीन पर गिर गए होंगे और भगदड़ के कारण उन्हें चोटें आईं होंगी।”

हालांकि, उन्होंने भाजपा नेताओं के दावों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पुलिस गोलीबारी में दो स्थानीय लोगों की मौत हो गई।

जिला मजिस्ट्रेट चैताली चक्रवर्ती द्वारा जारी आदेश के अनुसार गुरुवार को हुए संघर्ष के बाद से बैरकपुर, बोंगन और बशीरहाट प्रखंड सहित उत्तर 24 परगना जिले के बड़े हिस्से में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

हालांकि, शुक्रवार आधी रात के बाद सेवाओं को बहाल कर दिया गया था।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)