भाजपा समर्थक राकांपा विधायक चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को समर्थन देने वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के 9 विधायक शनिवार को चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा नेता अजीत पवार के पास अपनी पार्टी के 10 से 11 विधायकों का समर्थन है। इन्हीं में से 9 विधायक शनिवार शाम राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे हैं।

दिल्ली आने वाले विधायकों में दौलत दारोदा, नरहरि जिरवार, सुनील भुसारा, दिलीप बंकर, अनिल पाटिल, नितिन पवार, सुनील शेलके, बाबासाहेब पाटिल और संजय बंसन शामिल हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि उन्हें कहां रखा जाएगा।


गौरतलब है कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शनिवार सुबह आठ बजे भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलवाई। राकांपा प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजीत पवार ने भी उनके साथ ही उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

इससे पहले भाजपा समर्थित इन विधायकों को गुजरात ले जाने का निर्णय किया गया था, लेकिन सूत्रों का कहना है कि शायद बाद में उन्हें वहां लेकर जाया जाए।

इससे पहले, कांग्रेस ने महाराष्ट्र के अपने विधायकों को भोपाल ले जाने का निर्णय लिया, जिसके बाद राकांपा के ‘बागी’ विधायकों को दिल्ली लाया गया। खबरों के अनुसार, शिवसेना के विधायकों को भी मुंबई से जयपुर भेजा जा सकता है।


288 सीटों वाली विधानसभा में 145 जादुई आंकड़ा है। भाजपा के पास 105 विधायक खुद के हैं, उसने 20 निर्दलीय विधायकों और छोटे दलों का समर्थन मिलने का दावा किया है।

विधानसभा चुनाव के परिणाम के तुरंत बाद शिवसेना 50-50 फार्मूले पर अड़ गई, जिसके बाद त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति पैदा हो गई थी।

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पार्टी सदन के पटल पर अपना बहुमत साबित करेगी, लेकिन कांग्रेस के कई नेताओं को अभी भी उनके दावों पर संदेह है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)