भाजपा समय से नहीं करा पाई आधे से ज्यादा राज्यों में संगठन चुनाव

  • Follow Newsd Hindi On  
दिल्ली चुनाव: भाजपा ने 3 बार के MLA कुलवंत सहित 26 नेताओं के काटे टिकट

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी में डेडलाइन बीत जाने के 18 दिन बाद भी आधे से अधिक राज्यों में संगठन के चुनाव पूरे नहीं हो पाए हैं। अब तक सिर्फ राजस्थान और बिहार के प्रदेश अध्यक्ष ही घोषित हो पाए हैं। ऐसे में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा नहीं हो पा रही है। पार्टी सूत्र बता रहे हैं कि राज्यों में संगठन चुनाव अभी जनवरी भर चलेगा। पार्टी के संविधान के मुताबिक, आधे से अधिक राज्यों में संगठन चुनाव होने पर ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने में सभी राज्यों से प्रतिनिधियों की भी भागीदारी होती है। 15 दिसंबर तक राज्यों में संगठन चुनाव का लक्ष्य रखा गया था, मगर तय तिथि बीतने के 18 दिन बाद दो जनवरी तक भी पचास प्रतिशत राज्यों में भाजपा संगठन का चुनाव नहीं करा पाई है।

संगठन चुनाव में देरी के सवाल पर पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, “राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हम सर्वसम्मति से पार्टी की परंपरा के मुताबिक करना चाहते हैं। तमाम समीकरण भी देखने पड़ते हैं। ऐसे में उपयुक्त चेहरों की तलाश में वक्त लग रहा है।”


भाजपा में संगठन चुनाव की प्रक्रिया से जुड़े एक राष्ट्रीय पदाधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “हमारा काम रिपोर्ट एकत्र करना है। बाकी चुनाव तो राज्यों के चुनाव अधिकारियों को कराना है। बिहार और राजस्थान के चुनाव अधिकारी तेज निकले तो जल्दी प्रदेश अध्यक्ष वहां घोषित हो गए, धीरे-धीरे सभी राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव हो जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्वाचन होगा।”

हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के कारण देरी से संगठन चुनाव शुरू हुए हैं। दिल्ली में चूंकि अभी विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में यहां संगठन चुनाव नहीं होना है। मगर जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव का झंझट नहीं रहा, वहां भी भाजपा संगठन चुनाव समय से कराने में सफल नहीं हुई है।


खरमास से अटका मोदी कैबिनेट विस्तार और भाजपा अध्यक्ष का मसला


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)