UP के बाहुबली विधायक विजय मिश्रा को सताने लगा एनकाउंटर का डर, कहा- ब्राह्मण होने की वजह से कभी भी मारा जा सकता हूं

  • Follow Newsd Hindi On  
Bhadohi MLA Vijay Mishra

यूपी भदोही से बाहुबली विधायक विजय मिश्रा (Vijay Mishra) ने एक वीडियो जारी कर अपनी हत्या की आशंका जाहिर की है। उन्होंने  वीडियो में कहा है कि ब्राह्मण होने की वजह से उन्हें परेशान किया जा रहा है और पुलिस कभी भी उनका एनकाउंटर कर सकती है। हालांकि इस वीडियो के जारी हाेते ही भदोही पुलिस ने उनके इन आरोप को नकार दिया।

एपी रामबदन सिंह ने भी वीडियो जारी कर कहा कि विधायक विजय मिश्र ने असत्य तथ्यों को आधार बनाकर अपने आपराधिक कृत्यों से ध्यान हटाने के लिए वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह जनता में भ्रम फैलाने के उद्देश्य से जारी किया गया। उनके खिलाफ 73 मुकदमें दर्ज हैं । उनकी सुरक्षा के लिए गनर दिया गया है।  वीडियो में लगाए गए  सभी आरोप बेबुनियाद हैं।



विधायक विजय मिश्रा ने कहा कि मेरी पत्नी रामलली और बेटे विष्णु को फर्जी मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्राह्मण होने की वजह से उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि वो ब्राह्मण होकर भी चार बार से विधायक हैं। ये सब इसलिए हो रहा है ताकि बनारस या चंदौली का कोई माफिया यहां आकर चुनाव लड़ सके।

बलिया के किसी बेटे को चुनाव लड़ने की बात भी कर रहे हैं, इसीलिए उनकी हत्या कराई जा सकती है। विधायक विजय मिश्र, मीरजापुर-सोनभद्र एमएलसी रामलली मिश्र और उनके कारोबारी पुत्र विष्णु मिश्र पर कृष्णमोहन तिवारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। विजय मिश्र, उनकी पत्नी और बेटे पर कृष्णमोहन ने मारपीट करने और उनकी संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया था।

8 अगस्त को पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और हाल ही में एक व्यक्ति को धमकी देने के कारण उन पर गुंडा एक्ट भी लगाया था। विधायक विजय मिश्रा ने अपना राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू किया। इसके बाद सपा और बाद में निषाद पार्टी में शामिल हुए।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)