भोपाल में पुल पर लगी पट्टिका में शिवराज के नाम पर रंग पुता मिला

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 4 जनवरी (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद विवाद थम नहीं रहा है। शुक्रवार को हबीबगंज क्षेत्र में बने ओवरब्रिज की उद्घाटन पट्टिका पर शरारती लोगों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर रंग पोत दिया। इसके बाद से भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। राजधानी भोपाल के हबीबगंज क्षेत्र में अप्रैल, 2016 में ओवरब्रिज बनकर तैयार हुआ था। इस पुल का तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उद्घाटन किया था। उद्घाटन की पट्टिका भी लगाई गई थी। इस पट्टिका को शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने पीले रंग से पोत दिया।

पट्टिका पर रंग पोते जाने के बाद भाजपा के कई नेता मौके पर पहुंचे। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर इसे कांग्रेस से जुड़े लोगों का कृत्य बताया। वहीं पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने इसे कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता का प्रतीक करार दिया।


दूसरी ओर, कांग्रेस की मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा का कहना है कि कांग्रेस अपने वचनपत्र को पूरा करने में लगी है, यह कृत्य भाजपा का है, क्योंकि इस तरह के कारनामों में उसे महारत हासिल है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)