बिहार : आरपीएफ पोस्ट में विवाहिता से दुष्कर्म, आरोपी पुलिसकर्मी गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

छपरा, 2 नवंबर (आईएएनएस)| बिहार के छपरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस बल (आरपीएएफ) पोस्ट में तैनात एक पुलिसकर्मी पर एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। इस मामले में आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि 29 अक्टूबर की रात गोपालगंज की रहने वाली विवाहिता 18 वर्षीय युवती भटककर छपरा जंक्शन आ गई थी। पीड़िता इन दिनों अपने मायके सीवान में रहती है।

देर रात जंक्शन पर आरपीएफ जवान महिला को चाइल्ड वेलफेयर समिति को सौंपने ले गए, लेकिन समिति ने वहां कोई महिलाकर्मी नहीं होने की बात कहकर उसे रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे वापस लाया गया। आरोप है कि आरपीएफ का जवान अशोक सिंह ने पोस्ट में ही विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया।


घटना के दूसरे दिन पीड़िता को जब बालिका आवासगृह भेजा गया, तब पीड़िता ने अपन आपबीती सुनाई।

सारण जिला के पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया कि पीड़िता के बयान पर शुक्रवार को महिला थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)