बिहार : बढ़िया प्रदर्शन करने वाले मतदान केंद्र अध्यक्षों को सम्मानित करेगी भाजपा

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बिहार विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले मतदान केंद्रों के अध्यक्षों को सम्मानित करेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने शनिवार को कार्यकर्ताओं को चुनाव की जीत का वास्तविक नायक बताते हुए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करने का ऐलान किया।


पूर्वी चंपारण के रक्सौल से इस अभियान की शुरुआत करते हुए डॉ़ जायसवाल ने सबसे अधिक वोट लाने वाले चार मंडलों के दो-दो बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करते हुए उनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

इस अभियान की जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और मेहनत करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी हमेशा याद रखती है। यह हमारे कार्यकर्ताओं की ही मेहनत है कि बिहार में हुए पिछले दो-दो चुनावों में पार्टी ने लगातार जीत हासिल की है।

उन्होंने इन जीतों का श्रेय जमीनी कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा, जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत और अथक परिश्रम से जीत का परचम लहराया है। यह पार्टी के प्रति इनकी निष्ठा ही थी कि उन्होंने कोरोना की विषम परिस्थितियों के बावजूद घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाया। पार्टी के वरिष्ठ नेता हर विधानसभा में सबसे अधिक वोट लाने वाले मंडलों के दो-दो बूथ अध्यक्षों के घर पर जाकर उन्हें सम्मानित करेंगे।


–आईएएनएस

एमएनपी/एसजीके

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)