बिहार : एके-47 बरामदगी मामले में युवा राजद जिलाध्यक्ष गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंगेर, 19 अप्रैल (आईएएनएस)| बिहार के मुंगेर जिले में एके-47 बरामदगी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की मुंगेर जिला इकाई के अध्यक्ष परवेज चांद को गिरफ्तार किया है।

मुंगेर के सहायक पुलिस अधीक्षक हरिश्ांकर कुमार ने यहां बताया कि चांद की गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह गांव स्थिति उसके घर से की गई है।


उन्होंने बताया कि मोहम्मद परवेज चांद उर्फ भोलू की गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना कांड संख्या 334/18 में पुलिस ने की है। उन्होंने बताया कि बरदह निवासी अमना खातून को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने कब्रिस्तान के चारदीवारी के समीप खुदाई कर दो एके-47 राइफल एवं छह मैगजीन बरामद की थी।

इस मामले के अनुसंधान के क्रम में परवेज चांद का नाम सामने आया और उसे भी इस मामले में अप्राथमिक आरोपी बनाया गया था।

उन्होंने बताया, “मुंगेर पुलिस अब तक 22 एके-47 बरामद कर चुकी है। इस मामले में विभिन्न थानों में आठ अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए थे। इनमें से एक मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कर रही है।” बताया जाता है कि बरामद सभी एके-47 मध्य प्रदेश के एक आर्डनेंस कारखाने से गायब की गई थी।


इस मामले में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)