बिहार : हम के प्रदेश अध्यक्ष, प्रवक्ता का इस्तीफा

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 6 फरवरी (आईएएनएस)| राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को बुधवार को बड़ा झटका लगा है। हम के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल और प्रवक्ता दानिश रिजवान ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी से इस्तीफा दे दिया। हम से इस्तीफा देने के बाद पटेल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में मांझी द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धरने का समर्थन नहीं करने पर नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा, “देश से लेकर राज्य तक के महागठबंधन में शामिल दलों ने ममता बनर्जी के धरने का समर्थन किया, परंतु हम के अध्यक्ष मांझी ने उनके धरने पर बैठने को गलत बताया था, जो कहीं से भी सही नहीं है।”


बिहार के पूर्व मंत्री पटेल ने हालांकि यह भी स्पष्ट कर दिया कि वह महागठबंधन के साथ बने रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि हम पूर्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल था। पिछले वर्ष हम के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने राजग छोड़कर महागठबंधन का दामन थाम लिया।

इधर, हम के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफे के पीछे व्यक्तिगत कारण बताया है।


सूत्रों का कहना है कि बुधवार को इन दोनों नेताओं के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद दोनों ने पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)