बिहार : जद(यू) के दही-चूड़ा भोज में राजद विधायक ने की नीतीश की तारीफ

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 15 जनवरी (आईएएनएस)| मकर संक्रांति के मौके पर कई राजनीतिक दलों द्वारा यहां बुधवार को ‘दही-चूड़ा भोज’ का आयोजन किया गया है। सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह की ओर से आयोजित दही-चूड़ा भोज में सियासी रंग भी खूब चढ़ा। इस भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता तो पहुंचे ही, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक फराज फातमी भी इसमें शामिल हुए।

राजद नेता और दरभंगा जिले के केवटी क्षेत्र से विधायक फराज फातमी ने कहा कि इस भोज में उनके शामिल होने को सियासत नजर से नहीं देखा जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की।


पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी के पुत्र फराज फातमी ने पत्रकारों से कहा, “नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और एनआरसी पर विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्पष्टता से बात कर चुके हैं। इसके बाद इस मामले को लेकर कोई बात बचती नहीं है।”

उन्होंने कहा कि तेजस्वी अब क्यों विरोध कर रहे हैं, यह वहीं बता पाएंगे। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री के जल-जीवन-हरियाली अभियान की भी जमकर तारीफ की।

फातमी ने इस भोज में शामिल होने पर किसी प्रकार के भविष्य के प्रश्नों पर बचते हुए कहा, “जद (यू) अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के यहां से बुलावा आया था, इसलिए यहां आए हैं। आज राजनीति का वक्त नहीं है। आज पर्व का दिन है।”


इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा, “मकर संक्रांति के मौके पर सभी लोगों को शुभकामना देते हैं। वशिष्ठ भाई को बधाई और धन्यवाद देता हूं, जो वषरें से मकर संक्रांति के मौके पर सभी को चूड़ा-दही खिलाते हैं।”

मकर संक्रांति के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने भी कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया है, जिसमें महागठबंधन के सभी नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)