बिहार की सीएम पद की दावेदार बताने वाली पुष्पम प्रिया को मिले नोटा से भी कम वोट

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 10 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश से पढ़ाई कर बिहार विधानसभा चुनाव में खुद को मुख्यमंत्री पद की दावेदार बताकर मैदान में उतरीं पुष्मप प्रिया को निराशा हाथ लगी है। दोनों सीटों पर उन्हें गिनती के वोट मिले हैं। बिस्फी सीट पर वह नोटा से भी कम वोट हासिल कर पाई हैं।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर पुष्पम प्रिया को सिर्फ 121 वोट मिले हैं। जबकि तीन बार के भाजपा विधायक नितिन नवीन 2,385 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। इस सीट पर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे कांग्रेस प्रत्याशी लव सिन्हा को अब तक 1,097 वोट मिले हैं। इस सीट पर फिलहाल 3,860 वोटों की गणना हुई है।


वहीं दूसरी बिस्फी सीट पर पुष्पम प्रिया को सिर्फ 49 वोट मिले हैं। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरिभूषण ठाकुर 5,541 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि राजद प्रत्याशी डॉ. फैयाज अहमद को 3,383 वोट मिले हैं। इस प्रकार पुष्पम प्रिया को इस सीट पर नोटा से भी कम वोट मिले हैं। यहां पर 181 वोट फिलहाल नोटा को गए हैं। अभी इस सीट पर 9,802 वोटों की गणना हुई है।

बता दें कि जदयू के पूर्व एमएलसी विनोद चौधरी की बेटी पुष्पम प्रिया ने बिहार चुनाव से पहले अखबारों में कई पेज के विज्ञापन देकर खुद को मुख्यमंत्री पद की दावेदार घोषित कर सनसनी फैला दी थी। उन्होंने प्लुरल्स नामक पार्टी का गठन कर कई सीटों पर प्रत्याशी उतारे और खुद दो सीटों से चुनाव लड़ीं। लेकिन मतदाताओं में वह प्रभाव छोड़ने में नाकाम दिख रहीं हैं।

–आईएएनएस


एनएनएम-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)