बिहार : लोजपा के चुनाव अभियान समिति में भाजपा से आए नेता भी शामिल

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अब पूरे चरम पर है। इसी क्रम में बुधवार को लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने बिहार चुनाव अभियान समिति की सूची जारी कर दी। इस सूची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से लोजपा में आए नेताओं को भी शामिल किया गया है।

लोजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान के निधन के बाद लोजपा के नेता और कार्यकर्ता गमगीन हैं, लेकिन चुनाव की तैयारी भी चल रही है।


लोजपा के प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक द्वारा बिहार चुनाव अभियान समिति की जारी की गई सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान, सांसद पशुपति कुमार पारस, प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज, सांसद चंदन सिंह, सांसद वीणा देवी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सूरजभान सिंह, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष राजू तिवारी और प्रधान महासचिव शाहनवाज अहमद कैफी के नाम शामिल हैं।

15 सदस्यीय इस समित में भाजपा से आए राजेंद्र सिंह, रामेश्वर चैरसिया, उषा विद्यार्थी को भी शामिल किया गया है। इसके अलावे इस सूची में रेणु कुशवाहा, भगवान सिंह कुशवाहा, संजय पासवान और लोजपा अल्पसंख्यक के प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी का भी नाम शामिल है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र में राजग के साथ खड़ी लोजपा बिहार विधानसभा चुनाव में राजग से अलग चुनाव मैदान में उतरी है।


–आईएएनएस

एमएनपी/एसजीके

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)