बिहार में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 13 जनवरी (आईएएनएस)| देश के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर बिहार के मौसम में भी देखा जा रहा है। बर्फीली और ठंडी हवाओं की वजह से पटना सहित बिहार के कई जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। सोमवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा तथा बर्फीली पछुआ हवा से गलन बढ़ गई है। इस बीच, तापमान में भी रविवार की तुलना में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई है। पटना का सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को पूरे दिन ठंड सताएगी और मंगलवार से स्थिति में सुधार हो सकता है।


पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को भागलपुर का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस, गया का 6.0 डिग्री तथा पूर्णिया का 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि एक-दो दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर काफी कम रहेगा जिससे 24 घंटे ठंड की स्थिति बनी रहेगी। दोपहर बाद हल्की धूप निकलने की संभावना है लेकिन, बर्फीली हवा चलने की वजह से धूप की तपिश का असर नहीं दिखेगा।

राजधानी पटना का सोमवार को अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। रविवार को पटना का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस तथा गया 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)