बिहार में लोजपा ने शुरू की चुनाव की तैयारी

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 3 जनवरी (आईएएनएस)| बिहार विधानसभा चुनाव होने में यूं तो अभी सालभर समय है, लेकिन राजनीतिक पार्टियों के बीच जुबानी जंग अभी से शुरू हो गई है। सत्ताधारी जनता दल-युनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर के बयान के बाद जदयू और सत्ता में साझेदार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कलह और भी तेज हो गया है। जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भले ही ‘सबकुछ ठीक’ होने का दावा करें, लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट शेयरिंग की बात निकल पड़ी है।

अब खबर है कि राजग की घटक लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भी राज्य में चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 42 सीटें मिली थीं। उस समय राजग में लोजपा के साथ भाजपा के अलावा राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) शामिल थी।


इस बीच बिहार में राजग की तीसरी सहयोगी पार्टी लोजपा ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, लोजपा ने राज्य में उन 119 सीटों की पहचान की है, जहां भाजपा और जदयू दोनों ही कमजोर हैं। पार्टी ने इन्हीं सीटों पर अपनी तैयारी शुरू की है।

जानकारी मिली है कि ये सभी सीटें ऐसी हैं, जहां जदयू या भाजपा को जीत हासिल नहीं हुई थी। पार्टी को लगता है कि इनमें से 54 सीटें ऐसी हैं, जिस पर पार्टी जीतने की स्थिति में है। जबकि 22 सीटें ऐसी हैं, जहां कांटे का मुकाबला हो सकता है। जिन 119 सीटों पर पार्टी की नजर है, उसके लिए उम्मीदवारों को चिन्हित करने का काम भी शुरू हो चुका है।

पार्टी के नेता अपना चुनावी अभियान अप्रैल से ही शुरू कर देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान सीटों के बंटवारे से पहले इन सीटों का कम से कम एक बार दौरा पूरा कर लेना चाहते हैं। पार्टी ने मार्च तक 50 लाख नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ना भी तय किया है।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)