बिहार में राजग के पक्ष में जबरदस्त लहर : संजय जायसवाल

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने शनिवार को कहा है कि पूरे बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में जबरदस्त लहर है। गांठों में पड़ी दरार वाले महागठबंधन में इतनी ताकत नहीं कि वह भाजपा के विजय रथ को रोक सके।

जायसवाल ने यहां कहा कि राज्य के एक-एक विधानसभा क्षेत्र से उन्हें जो फीडडबैक मिल रहा है, वह स्पष्ट बताता है कि सूबे में भारी बहुमत से राजग की सरकार बनना तय है।


कांग्रेस पर करारा सियासी प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, “किसानों के मुंह का निवाला छीननेवाली कांग्रेस आज किसानों की हितैषी होने का स्वांग रच रही है। राज्य का हर आम व खास जानता है कि किसानों का हित कांग्रेस के लिए कभी प्राथमिकता नहीं रहा। आज जब सरकार किसानों के हित में कृषि सुधार कानून लायी है, तो कांग्रेस की छाती फट रही है।”

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास की रीढ़ किसान, मजदूरों को कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में कभी मजबूत होने नहीं दिया।

वर्चुअल रैली के जरिए कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा चंपारण में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण और गांधी चेतना रैली के संबोधन पर तंज कसते हुए जायसवाल ने कहा, “बदलते राजनीतिक दौर में चंपारण में इस पार्टी का कोई नामलेवा नहीं है। कांग्रेस ने अपनी सियासत चमकाने के लिए हमेशा दलितों-पिछड़ों और किसान-मजदूरों का इस्तेमाल किया।”


–आईएएनएस

एमएनपी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)