बिहार : महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर राबड़ी से मिले उपेंद्र और सहनी

  • Follow Newsd Hindi On  

पटना, 8 मार्च (आईएएनएस)| लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर कवायद तेज हो गई है।

महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी शुक्रवार की शाम पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। कुशवाहा और सहनी ने राबड़ी देवी और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से बातचीत की। इन नेताओं के बीच कम से कम एक घंटे तक चर्चा हुई।


बैठक के बाद वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने पत्रकारों से कहा, “सीटों को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है और एक सप्ताह के अंदर ही सीटों की संख्या और सीट के निर्धारण की घोषणा कर दी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि सभी सीटों को लेकर चर्चा चल रही है। किसी सीट को लेकर कहीं कोई विवाद नहीं है।

इस बीच, उपेंद्र कुशवाहा ने पत्रकारों से कुछ भी कहने से मना कर दिया और बिना कुछ कहे निकल गए।


दो दिन पूर्व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी भी राबड़ी देवी के आवास पहुंचे थे और सीट बंटवारे को लेकर चर्चा की थी।

गौरतलब है कि बिहार में महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, हम, रालोसपा, शरद यादव की पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल और वीआईपी शामिल हैं।

रालोसपा पहले राजग के साथ थी और उपेंद्र कुशवाहा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री थे, लेकिन उधर तीन कम सीट मिलने के कारण कुशवाहा ने महागठबंधन का दामन थाम लिया।

बिहार में लोकसभा की कुल 40 सीटें हैं। मांझी पहले ही राजद और कांग्रेस के बाद अन्य घटक दलों से ज्यादा सीटों की मांग कर चुके हैं।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)