बिहार : मुंगेर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ , कई हथियार बरामद

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंगेर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव की आहट के बाद ही हथियार तस्कर सक्रिय हो गए हैं। मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक गांव में छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड किया, जहां से बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

मुंगेर की पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह को सूचना मिली थी कि मुढ़ेरी गांव में अवैध तरीके से हथियार बनाए जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर लिपि सिंह ने एक टीम का गठन कर खुद कमान संभालते हुए मुढेंरी गांव में छापेमारी की।


लिपि सिंह ने बताया कि मुढ़ेरी गांव के एक घर में मिनी गन फैक्ट्री चल रही थी। यहां से पुलिस ने बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान हथियार तस्करी के नेटवर्क को संचालित करने वाले सौरव को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा उसके भाई सुस्मित साव और पिता सुधीर शाह की भी गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि सौरव का पूरा परिवार अवैध हथियार बनाने और उसे दूसरे जिलों के अलावा दूसरे राज्यों को बेचने के रैकेट में शामिल था। अवैध हथियार बिहार के दूसरे जिलों के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी बेचा जा रहा था। पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है।


–आईएएनएस

एमएनपी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)