बिहार: नीतीश के गृह जिले नालंदा में भाजपा का प्रशिक्षण शिविर, दिग्गज ले रहे हिस्सा

  • Follow Newsd Hindi On  

बिहारशरीफ, 9 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के राजगीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को प्रारंभ हुआ। इस शिविर का उद्घाटन भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने किया।

बैठक में जहां भाजपा के इतिहास, नीतियों और उद्देश्यों की चर्चा की गई, वहीं निचले स्तर तक चुनावों में बल्कि सत्ता के हर सोपान तक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का मंत्र दिया।


प्रसिद्ध पर्यटन स्थल राजगीर में शनिवार से भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ हुआ। इस शिविर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, सह प्रभारी हरीश द्विवेदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह, संगठन महामंत्री नागेंद्र सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं।

शिविर में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि, हमारा लक्ष्य केवल लोकसभा और विधानसभा चुनाव में ही मजबूत भागीदारी दिखाना नहीं है, बल्कि सत्ता के हर सोपान तक अपनी भागीदारी सुनिनिश्चत करना है।

बिहार प्रभारी भूपंेद्र यादव ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि, संगठन मजबूत होगा तो सफलता मिलना तय है। प्रशिक्षण भाजपा की सतत चलने वाली सांगठनिक गतिविधि का प्रमुख हिस्सा है। पार्टी कार्यकर्ताओं में संगठन बोध के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम होते हैं।


पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने ग्राम विकास को देश की आत्मनिर्भरता के लिए जरूरी बताया तथा सभी से इस कार्य में जुट जाने का आह्वान किया।

बिहार के मंत्री तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने भाजपा के इतिहास, नीतियों और उद्देश्यों की चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि भाजपा का पहले चरण में प्रदेश का, दूसरे चरण में क्षेत्रों का और अंतिम चरण में जितने भी बिहार में मंडल हैं, उनके कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण लेने के बाद कार्यकर्ता जिला स्तर और उससे निचले स्तर पर प्रशिक्षण देंगे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)