गया, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के अतरी विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जन-जन पार्टी (आरजजेपी) के प्रत्याशी शैलेंद्र कुमार का नामांकन का पर्चा रद्द होने के बाद खिजर सराय अनुमंडल कार्यालय परिसर में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ।
इस दौरान राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा पथराव किया गया, तब पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। पुलिस का कहना है कि इस घटना में पुलिसकर्मियों और मीडियाकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
खिजर सराय पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अतरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी शैलेंद्र कुमार का नामांकन त्रुटिपूर्ण कागजात के कारण रद्द कर दिया गया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक दबाव के कारण शैलेंद्र कुमार का नामांकन रद्द करवाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इसके बाद कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। पुलिस ने इन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन ये हंगामा करते रहे।
पुलिस का आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में तोड़फोड की और फिर पथराव प्रारंभ कर दिया। खिजर सराय के थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि हंगामा रोकने और भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएनएम