चीनी सैनिकों के साथ झड़प में आई थी शहादत की खबर, आज परिवार को फोन कर बताया- मैं जिंदा हूं

  • Follow Newsd Hindi On  
चीनी सैनिकों के साथ झड़प में आई थी शहादत की खबर, आज परिवार को फोन कर बताया- मैं जिंदा हूं

लद्दाख में LAC (सीमा) पर भारत और चीन के बीच तनाव (india china clash in ladakh) बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को दोनों देशों के सैनिकों के बीच भीषण हिंसक झड़प हो गई, जिसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए। इस घटना में कल शाम बिहार के एक जवान की शहादत की खबर भी सामने आई थी। इसके बाद जवान के घर में कोहराम मच गया था। लेकिन आज सुबह उसी घर में फिर से खुशियां लौट आई हैं। बताया जा रहा है कि बिहार के छपरा का लाल सुनील राय सीमा पर शहीद नहीं हुआ बल्कि सही सलामत है। दरअसल, एक ही नाम के कारण यह गलतफहमी हुई, जिसके बाद उनके शहादत की सूचना घर तक पहुंच गई।

सुनील ने खुद घर फोन करके दी सलामती की खबर

बुधवार को छपरा के जवान सुनील राय के जिंदा होने की खबर आई है। सुनील राय के बारे में पहले कहा जा रहा था कि वह भारत-चीन सीमा पर दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद हो गए। लेकिन अब खबर आई है कि सुनील पूरी तरह ठीक है और उन्होंने अपने परिजनों से फोन के जरिए बात भी की है। जवान सुनील कुमार (38 वर्ष) छपरा जिले के दीघरा परसा गांव के रहने वाले हैं।


लद्दाख में LAC पर हुई झड़प में भारत के 20 जवान शहीद, और बढ़ सकती है शहीदों की संख्या

सेना के अधिकारियों ने परिवार से बात करते हुए बताया है कि गलतफहमी के कारण ठीक जानकारी नहीं मिली। लद्दाख में सेवा दे रहे सुनील पूरी तरह ठीक हैं, जिसके बाद छपरा के परसा गांव में मातम का माहौल फिर से खुशी में तब्दील हो गया है। सुनील के भाई मिथिलेश राय ने फोन पर बात करने के बाद मीडिया को बताया कि उनके भाई पूरी तरह ठीक है और अधिकारियों ने कहा है कि गलतफहमी के कारण या गलत सूचना की वजह से ये सब हुआ और इसके लिए खेद भी जताया गया है।

मंगलवार को आई थी शहादत की खबर

इससे पहले मंगलवार की रात भारत-चीन बॉर्डर पर चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में बिहार के सारण के भी जवान सुनील के शहीद होने की खबर मिली थी, जिसके बाद परसा प्रखंड के दिघरा परसा गांव में शोक की लहार फैल गई थी। सारण के डीएम सुब्रत कुमार सेन ने भी सेना के जवान सुनील कुमार के शहीद होने की पुष्टि की थी। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा था कि अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

बता दें कि लद्दाख की गलवान घाटी में हिंसक हमले में भारतीय सेना के जवानों की शहादत से पूरे देश में गुस्सा है। भारतीय सूत्रों के मुताबिक चीन के भी 43 जवान मारे गए हैं या तो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस झड़प पर भारतीय सेना ने अपने बयान में कहा, भारत और चीन के सैनिक 15-16 जून की रात झड़प वाले गलवां इलाके से पीछ हट चुके हैं। भारत के जवान जो कर्तव्य निभाने में घायल हुए थे, उनमें से 20 की मौत हो गई है। भारतीय सेना देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने को प्रतिबद्ध है।



बेटे के लिए बहू खोजने में जुटी थी मां, अचानक आया फोन- आपका बेटा वीरगति को प्राप्त हो गया है

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)