बिहार: प्रतिमा विसर्जन के दौरान पटना में बवाल, हिंसक झड़प, पुलिस जिप्सी में लगाई आग

  • Follow Newsd Hindi On  

बिहार की राजधानी पटना में सोमवार देर रात प्रतिमा विसर्जन के दौरान असमाजिक तत्वों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद विवाद हो गया। मामला पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित बबुआगंज का है, जहां सोमवार देर रात मूर्ति विसर्जन को लेकर दो मुहल्ले के असमाजिक तत्व आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर पथराव करते हुए कई राउंड गोलियां चलीं। यही नहीं कई वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए आलमगंज थाने की जिप्सी फूंक दी गई। पथराव में करीब एक दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आईजी रेंज संजय सिंह, एसएसपी गरिमा मलिक कई थानों की पुलिस फोर्स व दंगा नियंत्रण दस्ते के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं।

बताया गया है प्रतिमा विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों में पहले झड़प शुरू हुई। इसको लेकर उनके बीच मारपीट होने लगी। इसको देखकर स्थानीय लोग जब बीच बचाव के लिए आगे आए तो उनसे भी मारपीट होने लगी। इसके बाद स्थानीय लोग आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे से लैस होकर आए लोगों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इसी बीच पथराव भी किया जाने लगा, जिससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। पथराव के बीच हवाई फायरिंग भी की जाने लगी।


घटना के बाद आधी रात से जारी है तनाव

आधी रात के बाद एडीजी अमित कुमार, आइजी मुख्यालय नैयर हसनैन खान, सेंट्रल आइजी संजय कुमार सिंह, एसएसपी गरिमा मलिक समेत तीन सिटी एसपी और कई थानों की पुलिस मौजूद थी। पुलिस लाइन से अतिरिक्त जवान और सैप जवान भी पहुंच गए। दोनों पक्षों को समझाने बुझाने का प्रयास किया जा रहा था। देर रात तक घटनास्थल पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में थी।

घरों मे कैद हुए लोग

लोग घरों और दुकानों को बंद कर सुरक्षित जगहों पर छिप गए। बवाल के बीच कई वाहनों में आग भी लगा दी गई। इसके चलते क्षेत्र का माहौल पूरी तरह से अशांत हो गया। गोलीबारी व आगजनी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सूचना पर आलमगंज थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

वहीं आईजी रेंज संजय सिंह ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों के आपस में भिड़ने से बवाल हुआ है। पूरे मामले की जांच कर उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस को दिया गया है। दोषी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)