बिहार: 8 साल में 264 करोड़ की लागत से बना पुल सिर्फ 29 दिन टिका, सीएम नीतीश कुमार ने किया था उद्घाटन

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार: 8 साल में 264 करोड़ की लागत से बना पुल सिर्फ 29 दिन टिका, सीएम नीतीश कुमार ने किया था उद्घाटन

मानसून के आगमन के साथ ही बिहार में बारिश और बाढ़ (Bihar Floods) ने हाहाकार मचा रखा है। बिहार के गोपालगंज (Gopalganj) जिले में गंडक नदी पर 264 करोड़ की लागत से बना सत्तरघाट पुल (Sattarghat Bridge on Gandak River) टूटकर नदी में बह गया। इस पुल के ध्वस्त होने से चंपारण, तिरहुत और सारण के कई जिलों का संपर्क टूट गया है। इस बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पुल के ढहने को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह पुल इसलिए टूटा है क्योंकि इसमें भ्रष्टाचार हुआ है। तेजस्वी ने एक चैनल से बात करते हुए कहा कि इस पुल का पैसा अफसरों से वसूल किया जाना चाहिए।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस पुल का उद्घाटन बीते 16 जून को ही किया था। हैरत की बात यह है कि नया बनकर तैयार हुआ पुल केवल 29 दिनों के अंदर ही नदी में समा गया।



सत्तरघाट मुख्य पुल से करीब एक किलोमीटर पूर्व सड़क के टूट जाने से छपरा, सीवान, गोपालगंज जिलों से मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा की ओर आने-जाने वाले वाहनों का परिचालन ठप हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से सड़क दलदली हो गई थी। इस बीच नदी का जलस्तर बढ़ने और भारी बारिश के चलते पुल का एक हिस्सा टूट गया।

बताया जा रहा है कि गोपालगंज में तीन लाख से ज्यादा क्यूसेक पानी का बहाव था। गंडक के इतने बड़े जलस्तर के दबाव के चलते इस पुल का एप्रोच रोड टूट गया, जिसके चलते यातायात बाधित हो गया है। यह पुल गोपालगंज के बैकुंठपुर के फैजुल्लाहपुर में टूटा है। इस महासेतु का निर्माण पुल निर्माण विभाग की तरफ से कराया गया था। साल 2012 में पुल निर्माण का कार्य शुरू हुआ था।

वहीं, विपक्ष के नेताओं ने पुल निर्माण में लापरवाही को लेकर जांच की मांग की है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पुल के टूटने को लेकर सीएम नीतीश कुमार को घेरा है। तेजस्वी ने ट्वीट किया, ‘264 करोड़ से 8 साल में बना लेकिन मात्र 29 दिन में ढह गया पुल। संगठित भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह नीतीश जी इस पर एक शब्द भी नहीं बोलेंगे और ना ही साइकिल से रेंज रोवर की सवारी कराने वाले भ्रष्टाचारी सहपाठी पथ निर्माण मंत्री को बर्खास्त करेंगे। बिहार में चारों तरफ लूट ही लूट मची है।’

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)