जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर बिहार में 2 दिन का राजकीय शोक

  • Follow Newsd Hindi On  
जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर बिहार में 2 दिन का राजकीय शोक

पटना| देश के पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर बिहार में दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। जॉर्ज के निधन के बाद बिहार में शोक की लहर है, क्योंकि बिहार से उनका गहना नाता रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रख्यात समाजवादी एवं प्रखर मजदूर नेता जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने फर्नांडिस के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा है कि जॉर्ज के निधन से उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन पर राज्य सरकार ने दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है।


मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा सभी को इस दु:ख की घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, “जॉर्ज के रूप में देश ने एक बड़ी राजनीतिक शख्सियत के साथ ही प्रखर वक्ता, चिंतक, विचारक और करिश्माई व्यक्तित्व को खो दिया है। वह ट्रेड यूनियन के एक फायर ब्रांड नेता थे, जिन्होंने न्याय की लड़ाई लड़ी। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

इधर, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने जॉर्ज के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि वह हमेशा याद आएंगे।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने जॉर्ज के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि वह एक महान सेनानी थे और उन्हें लोग कांग्रेसवाद के विरोधी के रूप में याद करेंगे।


जॉर्ज ने मंगलवार को 88 वर्ष के आयु में दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। परिवार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि फर्नांडिस अल्जाइमर रोग से पीड़ित थे और वह पिछले आठ साल से बिस्तर पर थे। उन्हें खांसी और ठंड की शिकायत हुई जिसके उपचार के लिए मैक्स अस्पताल की एक स्वास्थ्य देखभाल टीम उनके घर पर उपस्थित थी। टीम ने मंगलवार सुबह उन्हें मृत पाया।

मैक्स अस्पताल ने एक बयान में कहा, “हम जॉर्ज फर्नांडिस के निधन की घोषणा करते हुए दुखी हैं। फर्नांडिस की देखभाल मैक्स हेल्थकेयर की टीम उनके घर पर कर रही थी, जिसने उन्हें सुबह 6:42 पर मृत घोषित कर दिया।”

फर्नांडिस के परिवार में उनकी पत्नी लीला और उनके एक पुत्र हैं जो न्यूयॉर्क में रहते हैं। सूत्रों ने कहा कि उनके बेटे के एक से दो दिन में यहां आने की उम्मीद है, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत तमाम हस्तियों ने फर्नांडिस को श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि फर्नाडिस ने 1977 में जेल में रहते हुए आम चुनाव में बिहार के मुजफ्फरपुर से जीत हासिल की और मोरारजी देसाई की जनता पार्टी सरकार में उद्योग मंत्री बने। वह 1989 से 1990 में वी.पी. सिंह की सरकार में रेल मंत्री रहे।

1994 में उन्होंने समता पार्टी की स्थापना की जिसने भाजपा से गठजोड़ किया। वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संयोजक बने। 1998 और 2004 की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वह रक्षा मंत्री बने। उनके कार्यकाल में करगिल युद्ध और पोखरण के परमाणु परीक्षण हुए थे। सैनिकों के ताबूत घोटाले के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था लेकिन बाद में इस मामले में क्लीन चिट मिलने के बाद वह फिर से अटल मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे।

जॉर्ज ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में रक्षामंत्री, संचार मंत्री, उद्योग मंत्री, रेल मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। जॉर्ज वर्ष 1967 से 2004 तक नौ बार लोकसभा के सदस्य बने।


जॉर्ज फर्नांडिस का निधन: इंदिरा गांधी की नाक में दम कर दने वाला मजदूर नेता

पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का 88 वर्ष की उम्र में निधन

फर्नांडिस का निधन एक युग का अंत : अमित शाह

राजनीति में सादगी के प्रतीक थे जॉर्ज : कमलनाथ

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)