हनी ट्रैप: फेसबुक पर महिला से दोस्ती कर फंसा सेना का जवान, गोपनीय रिपोर्ट करायी लीक

  • Follow Newsd Hindi On  
हनी ट्रैप: फेसबुक पर महिला से दोस्ती कर फंसा सेना का जवान, गोपनीय रिपोर्ट करायी लीक

बिहार के दानापुर में बिहार-झारखंड सब एरिया मुख्यालय में तैनात आर्मी का एक जवान हनी ट्रैप का शिकार हो गया। फेसबुक के जरिये एक महिला ने दानापुर छावनी की सेना के जवान को अपने जाल में फांस लिया। इसके बाद जवान ने सेना की गोपनीय रिपोर्ट महिला को लीक कर दी। शक है कि जिस महिला ने जवान को अपने जाल में फांसा, उसका कनेक्शन पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से है। इसका खुलासा होने के बाद सैनिक को मुख्‍यालय से हटा कर कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

लीक की सेना की गोपनीय रिपोर्ट

बिहार और झारखंड सब एरिया मुख्यालय (दानापुर) में तैनात एक सैनिक द्वारा आइएसआइ एजेंट के संपर्क में आकर सेना की गोपनीय रिपोर्ट पाकिस्‍तान के लिए लीक करने का मामला प्रकाश में आया है। सेना द्वारा सैनिक के विरुद्ध कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी शुरू की जा रही है। साथ ही तत्काल सैनिक को सब एरिया मुख्यालय से हटा दिया गया है। आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट ने सैनिक से पूछताछ भी की है।


फेसबुक पर हुई महिला से दोस्ती

सूत्रों के अनुसार सब एरिया मुख्यालय में तैनात डिप्टी जीओसी के रनर सुरजीत सिंह ने झारखंड की एक महिला से फेसबुक के जरिये दोस्ती की थी। आरोप है कि महिला जवान से गोपनीय रिपोर्ट पूछती थी और वह सारी बात लीक कर देता था। इसकी जानकारी मिलते ही सेना ने पहले उससे पूछताछ की। बाद में सैनिक के मोबाइल को जब्त कर लिया गया। ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि यह महिला कई जवानों को फेसबुक पर ट्रैप कर चुकी है। अब तक जांच में जो बातें छनकर सामने आयी हैं, उससे यह पता चला है कि महिला झारखंड की रहने वाली है। उसकी गिरफ्तारी के बाद कई राज खुल सकते हैं।

महिला की हो रही है खोजबीन

वहीं सैन्य सूत्रों की मानें तो महिला की खोजबीन की जा रही है। सेना अपने स्तर से उसका पता लगाने में जुटी हुई है। महिला कहां की रहने वाली है और उसके किन लोगों से संपर्क हैं, इन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)