बिहार: जदयू नेता अशोक चौधरी बोले- चुनाव से पहले बिखर सकती है कांग्रेस, ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी कसा तंज

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार: जदयू नेता अशोक चौधरी बोले- चुनाव से पहले बिखर सकती है कांग्रेस, ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी कसा तंज

मध्य प्रदेश में पनपे राजनीतिक संकट की वजह से कांग्रेस (Congress) के भीतर घमसान मचा हुआ है और कमलनाथ (Kamalnath) सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस में हुई टूट का असर बिहार में भी दिख सकता है। बिहार के भवन निर्माण मंत्री और जदयू नेता अशोक चौधरी (Ashok Choudhary) का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले बिहार कांग्रेस में बड़ी टूट हो सकती है। कांग्रेस छोड़ जदयू का दामन थामने वाले चौधरी ने कहा कि बिहार कांग्रेस के नेता लाचार हैं। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व लालू यादव के सामने नतमस्तक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस से वादा किया गया था- राज्यसभा की सीट मिलेगी। क्या कांग्रेस को राज्यसभा की सीट मिल गई? ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस के विधायक निश्चिंत नहीं हैं कि कल क्या होगा। हम जीतेंगे कि नहीं। ऐसे में बिहार कांग्रेस में चुनाव से पहले निश्चित रूप से बड़ी टूट होगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे कद्दावर व्यक्ति ने स्थिति को देख पाला बदल लिया। इससे विधायकों को पाला बदलने की हिम्मत मिलेगी।


इतना ही नहीं, अशोक चौधरी ने आज ही बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी तंज कसा है। अशोक चौधरी ने ट्विटर पर लिखा, ‘मुझे समझाने आए थे, खुद समझ गए। अपने पर आता है तो महाराज भी बदल जाते हैं। सदबुद्धि के लिए शुभकामनाएं।’


दरअसल, बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे अशोक चौधरी ने 2018 में पार्टी छोड़कर जदयू का दामन थाम लिया था। जब उनके कांग्रेस से रिश्ते खराब हुए और वह पार्टी छोड़ने पर विचार कर रहे थे तो ज्योतिरादित्य सिंधिया उन्हें समझाने और मनाने गए थे। लेकिन चौधरी नहीं माने और नीतीश कुमार की पार्टी में शामिल हो गए। उसी घटना का रेफेरेंस देते हुए अशोक चौधरी ने सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने पर चुटकी ली।

कांग्रेस का पलटवार

इधर, बिहार कांग्रेस में टूट के खतरे पर जेडीयू और बीजेपी के दावों को कांग्रेस ने खारिज किया है। कांग्रेस नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने खंडन करते हुए कहा कि बीजेपी की राजनीतिक संस्कृति ही ऐसी है। वह जनता के भरोसे पर नहीं बल्कि पैसे के बल पर सत्ता में रहना चाहती है। प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि बिहार कांग्रेस का हर विधायक एकजुट है जो भी कोशिश करना चाहेगा उसे निराशा हाथ लगेगी।


बिहार: उपसभापति हरिवंश और कर्पूरी ठाकुर के बेटे को राज्यसभा भेजेगी जदयू, दोनों के नाम पर लगी मुहर

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)