बिहार- पूर्व मंत्री ने छोड़ा मांझी का साथ, कीर्ति आजाद थाम सकते हैं कांग्रेस का हाथ

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार- पूर्व मंत्री ने छोड़ा मांझी का साथ, कीर्ति आजाद थाम सकते हैं कांग्रेस का हाथ

लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे ही बिहार की राजनीति में नेताओं के पार्टी बदलने का दौर भी शुरु हो गया है। इसमें ताजा मामला दरभंगा के सांसद कीर्ति झा आजाद और हम के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल का है।

लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा टूट का शिकार हो गई। बुधवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल ने मांझी का साथ छोड़ दिया। पार्टी से अलग होने की घोषणा करते हुए वृषिण पटेल ने जीतन राम मांझी पर कई आरोप लगाए। वृषिण ने कहा कि मांझी फिर से एनडीए में जाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका झुकाव एनडीए की तरफ है। अपने संबंध में वृषिण ने कहा कि मैं चुनाव लड़ूं या न लड़ूं महागठबंधन में रहूंगा। आने वाले दिनों में आगे के राजनीतिक फैसले के बारे में बताऊंगा।


वहीं दूसरी तरफ क्रिकेट के मैदान से राजनीति का रुख करने वाले दरभंगा के सांसद कीर्ति झा आजाद जल्द कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। वे लगातार भाजपाई ‘पिच’ पर पार्टी के नेताओं को ही असहज करते रहे हैं।

कीर्ति आजाद ने बीते दिनों पटना में प्रेसवार्ता कर उन्होंने बिहार सरकार और भाजपा पर भी हमला बोला था। पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद का पुत्र होने के नाते कीर्ति झा के परिवार का कांग्रेस से पुराना नाता रहा है। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि वे 12 फरवरी को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। वहीं कीर्ति आजाद का कहना है कि वे संसद का बजट सत्र खत्म होते ही नई पारी का एलान कर देंगे। कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह भी जल्द बताएंगे।

बिहार : कांग्रेस की रैली में राहुल को मिला महागठबंधन का साथ


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)