बिहार: आज खत्म होगा महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सस्पेंस, देखें पूरी लिस्ट

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार: आज खत्म होगा महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सस्पेंस, देखें पूरी लिस्ट

बिहार की फिजाओं में होली का रंग उतरने के बाद एक बार फिर राजनीतिक रंग चढ़ने लगा है। एक तरफ जहां NDA में उम्मीदवारों का नाम लगभग फाइनल हो गया है, बस औपचारिक घोषणा बाकि है वहीं महागठबंधन आज अपनी सीट बंटवारे की घोषणा करेगा।

सभी घटक दलों की शाम 4 बजे होने जा रही संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ इस संबंध में लंबे समय से लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग जाएगा। बताया जा रहा है कि महागठबंधन आज उन सीटों के संबंध में जानकारी देगा, जिनपर साझा सहमति बन चुकी है। वैसे अभी भी कुछ सीटों पर विवाद बरकरार है। ऐसी सीटों व उनके उम्‍मीवारों की घोषणा दूसरे चरण में की जाएगी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज लोकसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के उम्मीदवारों का ऐलान भी कर दिया जाएगा। वैसी सीटें, जिनपर राजद व कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार तक तय कर लिए हैं, उन्हीं के सबंध में जानकारी दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा पटना साहिब सीट से महागठबंधन के, तो वहीं कीर्ति आजाद दरभंगा से कांग्रेस के प्रत्‍याशी हो सकते हैं।

राहुल से वार्ता पर खत्‍म हुआ कांग्रेस-राजद गतिरोध
गौरतलब है कि मंगलवार रात कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व राजद नेता तेजस्‍वी यादव के बीच वार्ता के बाद बीते कुछ दिनों से जारी गतिरोध समाप्‍त हुआ है। माना जा रहा है कि राजद को 19 या 20 तथा कांग्रेस को 9 से 10 सीटें मिलेंगी। लालू प्रसाद यादव कांग्रेस को 9 से अधिक सीटें देने के पक्ष में नहीं हैं। सूत्रों के अनुसार हिंदुस्‍तानी अवाम मोर्चा (हम) के जीतन राम मांझी और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के मुकेश साहनी को बराबर-बराबर सीटें दी जा रही हैं।

विवादित सीटों पर सहमति बनाने की कोशिशें जारी


अभी भी कुछ सीटें ऐसी हैं जिनपर आम सहमति नहीं बन पायी है। वैसे विवादित सीटों को लेकर फंसा मामला सुलझाने की कोशिशें लगातार जारी हैं, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है। देर रात राबड़ी आवास पर हुई बैठक में उपेंद्र कुशवाहा (रालोसपा) काराकाट सीट छोड़ने को तैयार नहीं हुए हैं। इस सीट पर भाकपा-माले का भी दावा है। उधर, माले ने हर हाल में सिवान से उम्‍मीदवार उतारने की घोषणा कर राजद के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है। मुकेश सहनी दरभंगा सीट चाहते हैं, जबकि कांग्रेस इस सीट को कीर्ति आजाद के लिए चाहती है। ऐसे में आज विवादित सीटों को लेकर कोई घोषणा नहीं की जाएगी। आम सहमति बनने के बाद ही इनकी घोषणा दूसरे चरण में की जाएगी।

कांग्रेस-राजद में कई सीटों पर पेंच बरकरार

जानकारी के अनुसार, राजद व कांग्रेस के बीच 4 या 5 सीटों पर मामला फंसा हुआ है। राजद और कांग्रेस, दोनों ही दल पूर्णिया, मधुबनी, दरभंगा, पश्चिम चंपारण(बेतिया) व पूर्वी चंपारण(मोतिहारी) सीटों पर दावेदारी कर रहे हैं। राजद में सीटों की संख्या से अधिक पूर्णिया, मधुबनी व दरभंगा सीटों के कारण मामला फंसा है। पिछले लोकसभा चुनाव में दरभंगा और मधुबनी में राजद ने अपने प्रत्याशी उतारे थे, जबकि पूर्णिया से कांग्रेस के उम्मीदवार ने चुनाव लड़ा था। कांगेस दरभंगा से कीर्ति आजाद को प्रत्‍याशी बनाना चाहती है।
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि पूर्वी चंपारण व पश्चिम चंपारण सीटों को भी कांग्रेस अपने खाते में चाहती है। उम्‍मीद है कि इसपर भी बात बन जाएगी।

शत्रुघ्‍न सिन्‍हा पटना साहिब से होंगे उम्‍मीदवार

पटना साहिब सीट से भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा कांग्रेस या राजद से उसी सीट पर चुनाव लड़ सकते हैं। पहले उनके राजद से चुनाव लड़ने की भी चर्चा रही थी। इस सीट पर कांग्रेस  ने भी दावा किया है और वह भी शत्रुघ्‍न सिन्‍हा को ही वहां से उम्‍मीदवार बनाना चाहती है। शत्रुघ्‍न सिन्‍हा कांग्रेस से लड़ें या राजद से, उनका महागठबंधन उम्‍मीदवार होना तय माना जा रहा है। भाजपा के एक और बागी दरभंगा के सांसद कीर्ति आजाद पहले ही कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। वे दरभंगा से चुनाव लड़ सकते हैं।

महागठबंधन के संभावित उम्मीदवार

(लिस्‍ट पूरी नहीं है) 


राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD)

भागलपुर: बुलो मंडल
बांका: जयप्रकाश नारायण
अररिया: सरफराज आलम
सिवान: हिना शहाब (माले का भी दावा)

मधेपुरा: शरद यादव
नवादा: अरुण कुमार
पटना साहिब: शत्रुघ्न सिन्हा (कांगेस का भी दावा)
शिवहर: अबु दोजाना/रामा सिंह

वैशाली: रघुवंश प्रसाद सिंह
सारण: चंद्रिका राय
बक्सर: जगदानंद सिंह
जमुई: आइपी रविदास

हाजीपुर: शिवचंद्र राम
पाटलिपुत्र: मीसा भारती
उजियारपुर: आलोक मेहता
जहानाबाद: सुरेंद्र यादव

बेगूसराय: तनवीर हसन
झंझारपुर: गुलाब यादव या मंगनीलाल मंडल
पश्चिम चंपारण: राजन तिवारी
मधुबनी: अब्दुल बारी सिद्दीकी। (कांग्रेस का भी दावा)

कांगेस
सासाराम: मीरा कुमार
समस्तीपुर: अशोक राम
सुपौल: रंजीत रंजन
कटिहार: तारिक अनवर

पूर्णिया: उदय सिंह ‘पप्पू’
मुंगेर: नीलम देवी (अनंत सिंह की पत्नी)
पटना साहिब: शत्रुघ्न सिन्हा (राजद से भी बन सकते उम्‍मीदवार)
दरभंगा: कीर्ति आजाद (वीआइपी का भी सीट पर दावा)
किशनगंज

हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM)
गया: जीतन राम मांझी
औरंगाबाद: उपेंद्र दांगी
नालंदा: नाम तय नहीं

लोकतांत्रिक जनता दल
मधेपुरा: शरद यादव

राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी
काराकाट: उपेंद्र कुशवाहा
सीतामढ़ी/उजियारपुर: राम कुमार शर्मा
पूर्वी चंपारण: माधव आनंद
जमुई: भूदेव चौधरी

भाकपा-माले
आरा: राजू यादव (राजद का भी दावा)

विकासशील इंसान पार्टी (VIP)

मुजफ्फरपुर/खगडिया/दरभंगा: मुकेश सहनी

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)