बिहार: क्या नीतीश कुमार और अब्दुल बारी सिद्दीकी के बीच पक रही कोई सियासी खिचड़ी?

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार: क्या नीतीश कुमार और अब्दुल बारी सिद्दीकी के बीच पक रही कोई सियासी खिचड़ी?

बिहार में बाढ़ की समस्या भयावह होती जा रही है। राज्य भर में अब तक 190 लोगों को बाढ़ लील चुकी है। मौत का यह आंकड़ा बदस्तूर बढ़ रहा है। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने रविवार को दरभंगा जिले के बाढ़ प्रभावित अलीनगर प्रखंड का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने सामुदायिक रसोई और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। करीब 15 मिनट के अपने दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को दी जाने वाली सुविधाओं को लेकर अधिकारियों और पीड़ितों से बातचीत की। इस दौरान नीतीश ने राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी (Abdul Bari Siddiqui) के घर रुपसपुर जाकर मुलाकात भी की।

नीतीश कुमार के रुपसपुर पहुंचने पर सिद्दीकी ने उनका स्वागत किया और मुख्यमंत्री ने भोजन भी किया। सिद्दीकी से मुलाकात के बाद वह कटिहार के लिए रवाना हो गए। दोनों नेताओं की इस मुलाकात के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि, सिद्दीकी ने नीतीश के साथ इस मुलाकात को गैर राजनीतिक और औपचारिक बताया है।


बिहार: JDU महासचिव ने दी भाजपा को 2020 विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की चुनौती

बता दें, अब्दुल बारी सिद्दीकी मिथिलांचल में आरजेडी के दो कद्दावर मुस्लिम चेहरों में से एक हैं। सिद्दीकी के अलावा पार्टी के एक और वरिष्ठ मुस्लिम नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. अली अशरफ फातमी पहले ही नीतीश की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल होने की घोषणा कर चुके हैं।

दोनों नेताओं के बीच पक रही सियासी खिचड़ी?

गौरतलब है कि बाढ़ के दौरान मुख्यमंत्री के हवाई सर्वे पर पिछले दिनों विपक्ष ने जमकर हमला बोला था। विपक्ष ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री केवल हवाई सर्वे ही कर रहे हैं, जमीन पर कहीं नजर नहीं आते। इसके बाद मुख्‍यमंत्री रविवार को आरजेडी के गढ़ अलीनगर में पहुंचे और आरजेडी के कद्दावर नेता व विधायक अब्‍दुल बारी सिद्दीकी से भी मिले। अब देखना है कि दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात बाढ़ की समस्या को लेकर ही था या फिर दोनों के बीच कोई राजनीतिक खिचड़ी पक रही है। ये तो वक्त ही बताएगा।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)