कल कांग्रेस का ‘हाथ’ थाम सकते हैं शत्रुघ्न और पप्पू यादव, ये हैं महागठबंधन के संभावित उम्मीदवार

  • Follow Newsd Hindi On  
कल कांग्रेस का 'हाथ' थाम सकते हैं शत्रुघ्न और पप्पू यादव, ये हैं महागठबंधन के संभावित उम्मीदवार

बिहार में महागठबंधन ने सीट बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। इसके बाद रविवार को दिल्‍ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव स‍मिति की अहम बैठक हो ही है, जिसमें पार्टी बिहार में अपने उम्‍मीदवारों के नाम तय कर देगी। माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बागी सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा पटना साहिब सीट से कांग्रेस के उम्‍मीदवार होंगे। ‘शॉटगन’ और ‘बिहारी बाबू’ जैसे नामों से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा कल सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा जन अधिकार पार्टी (जाप) के संरक्षक पप्‍पू यादव को लेकर भी पार्टी कोई बड़ा फैसला ले सकती है।

आज उम्‍मीदवारों का ऐलान संभव

बिहार में कांग्रेस अपने हिस्से की नौ लोकसभा सीटों पर उम्‍मीदवार तय करने करने के लिए बैठक कर रही है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की इस बैठक में पार्टी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल तथा प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ. मदन मोहन सिंह के साथ कांग्रेस नेता डॉ. अखिलेश सिंह व सदानंद सिंह भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में बिहार के उम्‍मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी जाएगी। मुमकिन है कि देर शाम तक उम्‍मीदवारों के नाम भी सार्वजनिक कर दिए जाएं।


बीजेपी के ‘शत्रु’ थामेंगे कांग्रेस का हाथ

हालाँकि, पार्टी की ओर से उम्‍मीदवारों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन कुछ नाम तय माने जा रहे हैं। शुरुआती दौर से बीजेपी में रहने के बाद पार्टी का दामन छोड़ पटना साहिब से सांसद और मशहूर अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा अब कांग्रेस का हाथ थामने जा रहे हैं। वे आज पार्टी सुप्रीमो राहुल गांधी व सोनिया गांधी के समक्ष कांग्रेस की सदस्‍यता ले सकते हैं। इसके बाद पार्टी उनके पटना साहिब सीट से चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा भी कर दी जाएगी।

पप्‍पू यादव पर भी हो जाएगा फैसला

कांग्रेस में बिहार के एक और नाम को लेकर द्वंद्व की स्थिति है और वो हैं जन अधिकार पार्टी के संरक्षक पप्‍पू यादव। पप्‍पू फिलहाल मधेपुरा से सांसद हैं, लेकिन महागठबंधन में मधेपुरा सीट शरद यादव के नाम कर दी गई है। पप्‍पू यादव को महागठबंधन में शामिल किये जाने के खिलाफ राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्‍वी यादव भी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पप्पू की महागठबंधन में एंट्री आसान नहीं है। हालांकि, सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस की आज की बैठक में पप्‍पू को शामिल किये जाने पर भी चर्चा हो रही है।

मुंगेर से अनंत सिंह की पत्‍नी को टिकट

इसके अलावा बैठक में मुंगेर सीट पर भी चर्चा की बात सामने आ रही है। मुंगेर से बिहार के बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने दावा ठोका है, जिसका राजद ने विरोध किया है। कांग्रेस में भी एक गुट अनंत की दावेदारी के खिलाफ है। विवाद के मद्देजनर पार्टी बीच का रास्‍ता निकाल सकती है। माना जा रहा है कि मुंगेर से कांग्रेस अनंत सिंह के बदले उनकी पत्‍नी को टिकट दे सकती है।


विवादित सीटों का मामला सुलझाने की कोशिश

कांग्रेस मीटिंग में महागठबंधन की कुछ विवादित सीटों पर भी चर्चा होगी। इन सीटों पर फंसे मामले को सुलझाने की कोशिशें भी लगातार जारी रहीं। मुकेश सहनी दरभंगा सीट चाहते हैं, जबकि कांग्रेस इस सीट को कीर्ति आजाद के लिए चाहती है। राजद और कांग्रेस के बीच भी कई सीटों पर मामला फंसा है। इन तमाम मुद्दों को लेकर पार्टी नेतृत्व दिनभर माथापच्ची करेगा और रास्ता निकालने की कोशिश की जायेगी।

महागठबंधन के संभावित उम्‍मीदवार

कांग्रेस

सासाराम: मीरा कुमार

समस्तीपुर: अशोक राम

सुपौल: रंजीत रंजन

कटिहार: तारिक अनवर

पूर्णिया: उदय सिंह ‘पप्पू’

मुंगेर: नीलम देवी (अनंत सिंह की पत्नी)

पटना साहिब: शत्रुघ्न सिन्हा (राजद से भी हो सकते हैं उम्‍मीदवार)

किशनगंज:

महाराजगंज:

राष्‍ट्रीय जनता दल

भागलपुर: बुलो मंडल

बांका: जयप्रकाश यादव

अररिया: सरफराज आलम

सीवान: हिना शहाब (माले का भी दावा)

मधेपुरा: शरद यादव

नवादा: विभा देवी (राजवल्‍लभ यादव की पत्‍नी) या अरुण कुमार

शिवहर: अबु दोजाना/रामा सिंह

वैशाली: रघुवंश प्रसाद सिंह

सारण: चंद्रिका राय

बक्सर: जगदानंद सिंह

हाजीपुर: शिवचंद्र राम

पाटलिपुत्र: मीसा भारती

जहानाबाद: सुरेंद्र यादव

बेगूसराय: तनवीर हसन

झंझारपुर: गुलाब यादव या मंगनीलाल मंडल

पश्चिम चंपारण: राजन तिवारी

मधुबनी: अब्दुल बारी सिद्दीकी। (कांग्रेस का भी दावा)

गोपालगंज:

सीतामढ़ी:

हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM)

गया: जीतन राम मांझी

औरंगाबाद: उपेंद्र प्रसाद

नालंदा:

लोकतांत्रिक जनता दल

मधेपुरा: शरद यादव (राजद के टिकट पर लड़ेंगे)

राष्‍ट्रीय लोक समता पार्टी

काराकाट: उपेंद्र कुशवाहा

उजियारपुर: राम कुमार शर्मा

पूर्वी चंपारण: माधव आनंद

जमुई: भूदेव चौधरी

वाल्‍मीकिनगर:

माले

आरा: राजू यादव (राजद का भी दावा)

वीआइपी

दरभंगा: मुकेश सहनी (कांग्रेस का भी दावा)

खगडिय़ा:

मुजफ्फरपुर:

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)