लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद में सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर से इसकी बानगी देखने को मिली। दरअसल, बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को आरजेडी का स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। लेकिन, नेता प्रतिपक्ष और लालू यादव के लाल तेजस्वी यादव इस कार्यक्रम से नदारद रहे। तेजस्वी की अनुपस्थिति से राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी नाराज दिखे। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में शिवानंद तिवारी ने तेजस्वी यादव को जमकर ललकारा है। उन्होंने चुनौती भरे स्वर में कहा कि आप कहते हैं कि शेर के बेटा हैं। अगर शेर हैं तो मांद में क्यों बैठे हैं।
आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने दो टूक कहा कि तेजस्वी, ऐसे नहीं चलेगा, सामने आइए। पुलिस की लाठी खाइए, जेल जाइए तभी कुछ होगा। साथ ही उन्होंने सलाह भी दी कि अब लड़कपनी से काम नहीं चलने वाला है। चुनाव जीतने के लिए लाठी भी खाना पड़ेगा, तो खाइए। पीछे नहीं हटिए। मांद में बैठे रहने से लड़ाई नहीं जीत पाएंगे।
तेजस्वी यादव की सक्रिय राजनीति में वापसी, ट्वीट कर बताया राजनीति से दूर रहने का कारण
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से तेजस्वी यादव लापता हो गए थे। इस दौरान सिर्फ विरोधी ही नहीं, बल्कि महागठबंधन के नेताओं ने भी उन पर निशाना साधा था। लगभग 35 दिनों के बाद जब तेजस्वी पटना पहुंचे तो गायब होने की वजह बीमारी बताई। गुरुवार को तेजस्वी बिहार विधानसभा भी पहुंचे, लेकिन उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। हालांकि उन्होंने कुछ ट्वीट के जरिये सीएम नीतीश पर कटाक्ष जरूर किये।
बिहार : तेजस्वी यादव ने की नेता प्रतिपक्ष से इस्तीफे की पेशकश, राजद ने ठुकराया
इसी बीच, शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल के स्थापना दिवस समारोह से गायब होने पर एक बार फिर से तेजस्वी यादव को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गयी। पार्टी के स्थापना दिवस समारोह में राबड़ी देवी और उनके बड़े भाई तेजप्रताप भी पहुंचे। इनके अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह, जगदानंद सिंह, शिवानंद तिवारी, अब्दुलबारी सिद्दीकी, आलोक मेहता, शिवचंद्र राम, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल आदि पहुंचे। लेकिन जिसका इंतजार था, वही नहीं पहुंचे। तेजस्वी यादव कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। बाद में उनके लिए लगाई गई कुर्सी पर प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे को बैठाया गया।
इसके बाद अपने संबोधन के दौरान शिवानंद तिवारी तेजस्वी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि आप खुद को शेर का बेटा कहते हैं तो मांद में बैठने से काम नहीं चलेगा। सामने आना होगा। हमसब आपके साथ हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव हार से कभी नहीं डरे। हमलोग के साथ बिहार की जनता चाहती है कि आप मुख्यमंत्री बनें। लड़िये। नीतीश सरकार की लाठी खाइए।