बिहार: जहानाबाद में दूसरे दिन भी हालात तनावपूर्ण, फायरिंग में दो लोगों की मौत, धारा 144 लागू

  • Follow Newsd Hindi On  
बिहार: जहानाबाद में दूसरे दिन भी हालात तनावपूर्ण, फायरिंग में दो लोगों की मौत, धारा 144 लागू

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बिहार के जहानाबाद में उत्पन्न हुए हिंसक विवाद के बाद अभी भी शहर में हालात तनावपूर्ण हैं। आज शुक्रवार को भी शहर के कई हिस्सों में हिंसा की घटनाएं हुईं। शहर के कई इलाकों में धारा 144 लागू है। इस बीच गांधी नगर इलाके में दो गुटों के बीच फायरिंग हुई जिसमें गोली लगने से दो लोगों की मौत की खबर है। जाफरगंज में दो गुटों के बीच जमकर लाठी डंडे चले जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई लोगों की हालत गंभीर है।

इसके अलावा शहर के प्यारी मोहल्ला, ठाकुरबाड़ी, अंबेडकर नगर, पंच मोहल्ला और महलचक में भी माहौल तनावपूर्ण है। प्रशासन के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टीम भी शहर में कैंप कर रही है। पूरा शहर छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही लोगों से जरूरी काम पड़ने पर ही घर से निकलने को कहा है। डीएम और एसपी भी शहर में घूम-घूमकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। ऐहतियात के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है।


गौरतलब है कि गुरुवार सुबह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान रास्ते में विवाद हो गया जिसके बाद पत्थरबाजी हो गई। तनाव ने शहर के अन्य इलाकों को अपने चपेट में ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)