बिहार: मासूम की हत्या का आरोप लगा महिला को जिंदा जलाया

  • Follow Newsd Hindi On  

बिहार के अररिया जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। बच्चा चोरी और बाद में उसकी हत्या का आरोप लगा एक महिला को जिंदा जलाकर मार दिया गया। महिला को जिंदा जलाकर मारने का आरोप मृतक मासूम के परिजनों पर है।

मामला अररिया के रानीगंज थाना क्षेत्र के भोड़हा बेलगच्छी का है। दरअसल गांव के लोगों को सोमवार से लापता 9 महीने के बच्चे का शव मिला। जिसके बाद मृतक बच्चे के परिजनों ने सजनी देवी नाम की महिला पर बच्चा चोरी और हत्या करने का आरोप लगा उसे पीटना शुरू कर दिया। पीटने के बाद केरोसिन तेल डालकर उसकी नृशंस तरीके से जलाकर हत्या कर दी गई।


क्या है मामला

सोमवार की देर शाम रानीगंज थाना क्षेत्र के बेलगच्छी निवासी सुबोध चौहान के नौ माह का बेटा प्रभात घर से गायब हो गया था। बच्चे के परिजन रात भर खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद मंगलवार की सुबह ग्रामीणों द्वारा खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर एक पुआल के ढेर में उसका शव  मिला। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे का शव मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए।

इसके बाद आक्रोशित परिजन बच्चे की चोरी कर जान से मारने का आरोप लगाते हुए गांव के ही संजीत चौहान की पत्नी सजनी देवी को उनके घर से खींचकर पास के पोखर के समीप ले गया। इसके बाद महिला की पिटाई कर शरीर में ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। बताया गया कि मौके पर ही महिला की मौत हो गयी। घटनास्थल पर राख का ढेर लगा हुआ था। इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया।

मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

रानीगंज थानाध्यक्ष डीपी यादव ने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक मृतक मासूम के परिजनों पर ही महिला को जिंदा जलाने का आरोप है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। पूछताछ के लिए गांव के ही कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। मृत महिला के पति संजीत चौहान मुम्बई में मजदूरी करता है। इस समय वह मुंबई में ही है। मृत महिला के परिजन कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। रानीगंज पुलिस भी खुलकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)