रांची: सेल्फी लेने के चक्कर में बाड़े में गिरा नाबालिग लड़का, बाघिन ने बनाया निवाला, बिरसा जैविक उद्यान की घटना

  • Follow Newsd Hindi On  
रांची: सेल्फी लेने के चक्कर में बाड़े में गिरा नाबालिग लड़का, बाघिन ने बनाया निवाला

रांची के ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान में एक नाबालिग लड़के को बाघिन ने अपना आहार बना लिया। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को अनुष्का नामक बाघिन के बाड़े में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़का गिर गया। लड़के को कोई बचा पाता, इससे पहले ही बाघिन ने उसे अपना निवाला बना लिया। लड़का बाघिन के बाड़े में कैसे गिरा, फिलहाल इसकी जांच चल रही है।

सेल्फी लेने के चक्कर में गई जान!

शव को बाड़े से बाहर निकाल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उद्यान को बंद करवा दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, लड़का उद्यान घूमने आया था और इस दौरान वह एक पेड़ पर चढ़ा और वहां से कूद गया। उसे देखते ही बाघिन अनुष्का ने उस पर हमला कर दिया। बाघिन ने उसे पहले कई बार पटका और फिर उसके गले पर पंजे से वार कर दिया, जिससे वहीं उसकी मृत्यु हो गयी। जैविक उद्यान में लगे सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि युवक अकेले जू (Zoo) घूमने आया था। गेट पर उसने टिकट खरीदा और अंदर घुसते ही टिकट को फाड़कर फेंक दिया।


रांची: सेल्फी लेने के चक्कर में बाड़े में गिरा नाबालिग लड़का, बाघिन ने बनाया निवाला, बिरसा जैविक उद्यान की घटना

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि युवक एक पेड़ पर चढ़कर बाघिन के साथ या तो सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था या बाघिन की तस्वीर लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह टाइगर एनक्लोजर में गिर गया और ‘अनुष्का’ ने उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक का नाम रोहित लाल बताया जा रहा है।

हाथी ने महावत को पटक कर मार डाला था

ज्ञात हो कि इससे पहले नवंबर 2018 में बिरसा जैविक उद्यान में रामू नाम के हाथी ने महावत महेंद्र को पटक कर मार डाला था। महेन्द्र ने रामू हाथी की 12 वर्षों तक देखभाल की थी। दो सहयोगियों के साथ इनक्लोजर में गए महेन्द्र सिंह को रामू ने अपनी सूंड़ से पटक-पटक कर मार डाला था और झाड़ी में फेंक दिया था। उद्यान के चिकित्सक डॉ. अजय कुमार, महेन्द्र को मेंदाता हॉस्पिटल ले गए थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।



झारखंड : किशोरी से 30 बार दुष्कर्म, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दिए ‘काउंसलिंग’ के निर्देश

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)