अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह की जुबान एक बार फिर फिसली है। मशहूर डांसर सपना चौधरी के कथित रूप से कांग्रेस में शामिल होने पर सुरेंद्र सिंह ने यह विवादित टिप्पणी की है। सुरेंद्र ने सपना की तुलना यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी से करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उन्हें अपना बना लेने की नसीहत तक दे डाली।
सुरेंद्र सिंह ने यहां राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि राहुल गांधी जी की माता जी भी इटली में इसी पेशे से थी। जैसे आपके पिताजी ने सोनिया जी को अपना बना लिया था, आप भी सपना को अपना बनाएं। सबसे अच्छी बात है सास और बहू एक ही पेशे और कल्चर से रहेंगी।
क्या कहा बीजेपी विधायक ने
बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा अच्छा है कि राहुल जी अपनी कुल परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, अच्छी बात है। मैं धन्यवाद दूंगा कि जैसे आपके पिता ने सोनिया जी को अपना बना लिया था आप भी आज भारत की राजनीति में सपना को अपना बना करके नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करें। इसके लिए उन्हें साधुवाद.. लेकिन भारत की जनता कभी नर्तकी को देश चलाने की इजाजत नहीं देती, इसलिए देश चलाने की इजाजत मोदी जी जैसे चरित्रवान और ईमानदार नेता के हाथों में होगी। मुझे खुशी है कि राहुल जी नेताओं पर भरोसा छोड़कर नर्तकियों पर भरोसा करना शुरू कर दिए है। अच्छी बात ये है कि सास और बहू दोनों एक ही पेशे से होंगी। अब कांग्रेस की कमान एकस्वरुप और एक नक्शे से संचालित होगी जहां सपना होंगी।
#WATCH BJP MLA Surendra Singh on dancer Sapna Chaudhary joins Congress: Rahul ji ki Mata ji bhi Italy mein isi peshe se thi.Jaise aapke pitaji ne Sonia ji ko apna bana liya tha, aap bhi Sapna ko apna banaye.Sabse acchi baat hai saas aur bahu ek hi peshe aur culture se rahengi pic.twitter.com/HK5XCWcuL6
— ANI UP (@ANINewsUP) March 24, 2019
बता दें कि हरियाणवी डांसर और बिग बॉस के जरिए रातोंरात चर्चा में आईं सपना चौधरी के कांग्रेस का दामन थामने की खबर आई थी। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी उन्हें 2019 लोकसभा चुनाव में यूपी या हरियाणा में किसी सीट से उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि पहले मथुरा से बीजेपी उम्मीदवार हेमा मालिनी के सामने उन्हें उतारने की अटकलें थीं लेकिन अब कांग्रेस ने वहां से महेश पाठक को मैदान में उतार दिया है।
देखा जाए तो ये पहली बार नहीं है जब बीजेपी नेता ने इस तरह का बयान दिया है। इससे पहले भी इसी महीने बीजेपी एमएलए सुरेंद्र सिंह ने बसपा प्रमुख मायावती को अपने निशाने पर लिया था। उन्होंने कहा था कि मायावती जी खुद फेसियल कराती हैं, वो क्या हमारे नेता को शौकीन कहेंगी। बाल पका हुआ है और रंगीन कराने के बाद मायावती जी खुद को जवान साबित करती हैं। 60 वर्ष उमर हो गई लेकिन सब बाल काले हैं।